कटिहार में बिजली संकट पर भड़का जन आक्रोश: वार्ड 30 के उपभोक्ता एकजुट, पार्षद ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

कटिहार शहरी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से जारी अनियमित बिजली आपूर्ति और अघोषित कटौती के खिलाफ स्थानीय उपभोक्ताओं का गुस्सा अब सातवें आसमान पर पहुंच गया है. भीषण गर्मी के बीच शहर के वार्ड नंबर 30 में बिजली संकट को लेकर उपभोक्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है और स्थानीय वार्ड पार्षद के नेतृत्व में विभाग के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है.

हर आधे घंटे में कट रही बिजली, इनवर्टर भी दे रहे जवाब

गुरुवार को वार्ड नंबर 30 सहित शहर के कई इलाकों में बिजली की स्थिति बेहद दयनीय रही. दिनभर हर आधे घंटे पर 10 से 15 मिनट के लिए बिजली गुल होती रही, जिससे चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल दिखे. लगातार हो रही ट्रिपिंग के कारण घरों और दुकानों में लगे इनवर्टर भी पूरी तरह डिस्चार्ज होकर जवाब दे गए हैं. पानी की समस्या के साथ-साथ लोगों को रातें अंधेरे में गुजारनी पड़ रही हैं. इसी फजीहत से तंग आकर आक्रोशित उपभोक्ताओं ने वार्ड पार्षद नितेश कुमार निक्कू से मुलाकात कर अपनी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया.

जर्जर तार और हांफते ट्रांसफार्मर बने नासूर, हल्की आंधी में भी ठप होती है सप्लाई

उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वार्ड 30 की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है. क्षेत्र में लोड शेडिंग, जर्जर तारों का बार-बार टूटना, ट्रांसफार्मर के जम्पर उड़ना और फेज में तकनीकी खराबी आना अब रोज की बात हो गई है. स्थिति इतनी संवेदनशील है कि महज हल्की सी हवा या मामूली बारिश होते ही पूरी आपूर्ति घंटों के लिए ठप कर दी जाती है. गर्मी के इस मौसम में ओवरलोडिंग के कारण आए दिन तार टूटकर सड़कों पर गिर रहे हैं, जिससे बड़े हादसों का खतरा भी बना रहता है.

मेंटेनेंस के नाम पर सरकारी राशि का बंदरबांट, हालात जस के तस

स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग पर भ्रष्टाचार और लापरवाही का सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि हर साल मानसून से पहले और मेंटेनेंस के नाम पर विभाग कागजों पर मोटी रकम खर्च दिखाता है. जर्जर तारों और जम्परों को बदलने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर हालात सुधरने के बजाय और ज्यादा बदतर हो जाते हैं. उपभोक्ताओं ने दो टूक कहा कि अगर हम समय पर बिजली बिल का भुगतान करते हैं, तो हमें निर्बाध बिजली क्यों नहीं मिल रही है.

पार्षद ने दी विभाग को सख्त चेतावनी: सुधार न होने पर ठप होगा दफ्तर

वार्ड 30 के उपभोक्ताओं की एकजुटता और गंभीर समस्या को देखते हुए वार्ड पार्षद नितेश सिंह निक्कू तुरंत एक्शन में आए. उन्होंने मौके से ही बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता और अन्य आला अधिकारियों को फोन कर ग्रिड और फीडर की बदहाली से रूबरू कराया. पार्षद ने अधिकारियों को कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले 48 घंटों के भीतर वार्ड 30 की जर्जर तारों को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति नियमित नहीं की गई, तो वे उपभोक्ताओं के साथ मिलकर विभागीय कार्यालय का घेराव करेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे. बिजली संकट को लेकर अब शहर के अन्य वार्डों के लोग भी एकजुट होकर बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं.

कटिहार से सरोज कुमार की रिपोर्ट:

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >