शादी की खुशियां मातम में बदली : जनरेटर के लिए डीजल लेने निकले दूल्हा व दुल्हन के भाई की मौत, एक घायल

कटिहार के बारसोई में शादी के दौरान बड़ा हादसा, जनरेटर के लिए डीजल लेने निकले दूल्हा-दुल्हन के भाई की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत, एक युवक गंभीर रूप से घायल।

बारसोई : कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड के कचना थाना क्षेत्र के जोकलबाड़ी में शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर ऐसा टूटा कि शादी वाले घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. जेनरेटर के लिए डीजल लेने निकले तीन युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए. दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया.

शादी की तैयारियों के बीच हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार बहानगर गांव में विवाह समारोह चल रहा था. इसी दौरान जेनरेटर का डीजल खत्म होने पर बहानगर निवासी शिवा टुडू, पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के कालियागंज थाना क्षेत्र निवासी रेंटा टुडू तथा बहानगर निवासी लकी टुडू एक ही बाइक से डीजल लेने निकले थे. जोकलबाड़ी के समीप तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि शिवा टुडू और रेंटा टुडू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घायल लकी टुडू को अनुमंडलीय अस्पताल बारसोई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कचना थाना अध्यक्ष आनंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया. थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की बात सामने आई है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

गांव में पसरा मातम

हादसे के बाद जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को सरकारी आर्थिक सहायता देने और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान तेज करने की मांग की है.

और पढ़ें : सदर अस्पताल कटिहार की शनिवार ओपीडी: जानिए किस विभाग में कौन डॉक्टर देंगे इलाज


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Arvind gupta

Published by: Shruti Kumari

अरविंद गुप्ता को पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्ष 2012 से लगातार कार्य कार्यरत हैं. वर्तमान में कटिहार जिले के बारसोई से समाचार संकलन का कार्य कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >