कटिहार स्थानीय सर्किट हाउस में जदयू जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश राय की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया. बैठक का मुख्य उद्देश्य नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष विशाल राणा का स्वागत और अभिनंदन करना था. कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिरकत कर संगठन की मजबूती पर चर्चा की. महानगर अध्यक्ष के रूप में विशाल राणा के आगमन पर जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश राय, जदयू प्रवक्ता इम्तियाज हैदर और सुनील सिंह सहित उपस्थित सभी प्रखंड अध्यक्षों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान उन्हें माला पहनाकर, गुलदस्ता भेंट कर और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यकर्ताओं ने नए नेतृत्व के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की. बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश राय ने कहा कि विशाल राणा के अनुभव और ऊर्जा से संगठन को महानगर क्षेत्र में नई मजबूती मिलेगी. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया. नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष विशाल राणा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे और कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे. इस अवसर पर पार्टी के प्रवक्ता इम्तियाज हैदर ने कहा कि जदयू विकास के एजेंडे पर काम करने वाली पार्टी है और नए सांगठनिक विस्तार से आगामी चुनौतियों का सामना करने में मदद मिलेगी. बैठक में सभी प्रखंड अध्यक्षों ने भी अपने विचार साझा किया और संगठन विस्तार के लिए सामूहिक रणनीति पर बल दिया. कार्यक्रम में भारी संख्या में जदयू कार्यकर्ता और स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित थे.
जदयू महानगर अध्यक्ष का भव्य स्वागत, एकजुटता पर दिया जोर
जदयू महानगर अध्यक्ष का भव्य स्वागत, एकजुटता पर दिया जोर
