कटिहार : नगर थाना क्षेत्र में रंगदारी और अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात आरोपी अमित कुमार मिश्रा उर्फ बाबा डॉन समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ विशाल आनंद के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने नगर थाना क्षेत्र के तीनगछिया में छापेमारी कर की.
नगर थाना में पीड़ित ने रंगदारी और अपहरण का आरोप लगाते हुए लिखित आवेदन दिया था. इसके आधार पर नगर थाना कांड संख्या 822/26 भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया.
तीन लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप
आवेदन के अनुसार आरोपियों द्वारा पीड़ित से लगातार रंगदारी की मांग की जा रही थी. आरोप है कि पूर्व में नकद राशि लेने के बावजूद 20 जुलाई को फिर तीन लाख रुपये की मांग की गई और जान से मारने की धमकी दी गई. भयवश पीड़ित ने आरोपियों को नकद राशि दे दी.
भाई का किया अपहरण
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसी रात करीब 11 बजे अमित कुमार मिश्रा उर्फ बाबा डॉन, ढल्लु गुप्ता और अन्य सहयोगियों ने किराये के मकान में घुसकर उसके भाई सिराज अंसारी और सौहेल अंसारी का अपहरण कर लिया.
चार आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार मिश्रा उर्फ बाबा डॉन (23), राजीव यादव (23), पवन महतो (25) और राहुल कुमार (24) शामिल हैं. सभी नगर थाना क्षेत्र के नया टोला तीनगछिया के निवासी हैं.
आपराधिक इतिहास की भी जांच
नगर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी अमित कुमार मिश्रा उर्फ बाबा डॉन का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और चोरी के मामलों में आरोप पत्र दायर किया जा चुका है. पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
