फोटो- क़लश शोभा यात्रा में शामिल कन्याये | Prabhat Khabar Network

कटिहार के फलका में गणेश चतुर्थी पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब: 11 हजार कन्याओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा; बप्पा के जयकारों से गूंजा इलाका

गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर फलका में 11 हजार कुंवारी कन्याओं और महिलाओं ने मिलकर एक भव्य कलश शोभायात्रा निकाली. वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुई इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया.

फलका (कटिहार). गणेश चतुर्थी पूजा को लेकर सोमवार को फलका में 11 हजार कुंवारी कन्याओं और महिलाओं ने भव्य कलश शोभायात्रा निकाली. धार्मिक आस्था और श्रद्धा से ओतप्रोत इस आयोजन से पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया. सिर पर कलश धारण कर एक साथ चल रहीं हजारों कन्याओं और महिलाओं की लंबी कतार शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रही.

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ठाकुरबाड़ी से शुरू हुई यात्रा

कलश शोभायात्रा का शुभारंभ फलका ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ. पूजा संपन्न होने के बाद कुंवारी कन्याएं और महिलाएं सिर पर कलश लेकर बरंडी नदी की ओर रवाना हुईं. बरंडी नदी पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र जल कलश में भरा. इसके बाद सभी श्रद्धालु कलश लेकर पुनः शोभायात्रा में शामिल हुईं और निर्धारित मार्ग से ठाकुरबाड़ी मंदिर की ओर रवाना हुईं.

गोपालपट्टी चौक से प्रखंड मुख्यालय तक निकली शोभायात्रा

कलश शोभायात्रा फलका ठाकुरबाड़ी मंदिर से निकलकर गोपालपट्टी चौक, पकड़िया गांव होते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंची. इसके बाद श्रद्धालु पुनः ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर पहुंचे, जहां शोभायात्रा का समापन हुआ. शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘जय गणेश’ के जयघोष करते हुए आगे बढ़ रहे थे. हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा क्षेत्र गणेश भक्ति में डूबा नजर आया.

जगह-जगह पुष्पवर्षा कर ग्रामीणों ने किया स्वागत

शोभायात्रा के मार्ग में ग्रामीणों ने जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया. कई स्थानों पर लोगों ने कलश यात्रा में शामिल कन्याओं और महिलाओं पर पुष्पवर्षा की. सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुटी रही.

कलश धारण कर अनुशासित तरीके से आगे बढ़ती हजारों कन्याओं की कतार लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही. धार्मिक जयघोष और भक्ति गीतों के बीच पूरे मार्ग पर उत्सवी माहौल बना रहा.

गर्मी को देखते हुए पेयजल की व्यवस्था

सोमवार को तेज धूप और गर्मी को देखते हुए आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और शीतल पेय की व्यवस्था की गयी थी. यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं को पानी उपलब्ध कराया गया, ताकि गर्मी के कारण किसी को परेशानी न हो. गणेश पूजा को लेकर ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया था. मंदिर परिसर में विशेष सजावट और पूजा की तैयारियां श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहीं.

प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

आयोजन में प्रखंड प्रमुख दीप शिखा सिंह, बीडीओ सन्नी सौरव, सीओ सोमी पोद्दार, मुखिया अनीता गुप्ता, जिला परिषद प्रतिनिधि बलराम साह, मुखिया प्रतिनिधि संजय झा, वार्ड सदस्य अध्यक्ष कृष्णा आदित्य, सदर-2 डीएसपी सुनील शर्मा और प्रभारी थानाध्यक्ष अमरदीप कुमार मौजूद रहे. वहीं नव युवा संघ के अध्यक्ष अंकित कुमार टिसू, सचिव प्रिंस कुमार, कोषाध्यक्ष आशीष कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शोभायात्रा में शामिल हुए. आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा.

Also Read: बिहार पुलिस चालक सिपाही भर्ती में ‘सेटिंग’ का खेल, क्रेटा से मिले अभ्यर्थी के मूल प्रमाणपत्र; 5 गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अली अहमद

अली अहमद प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. फलका (कटिहार) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >