75 वर्षों बाद भी कच्ची है 340 मीटर सड़क

75 वर्षों बाद भी कच्ची है 340 मीटर सड़क

– बरसात में बाधित हो जाता है आवागमन बारसोई प्रखंड अंतर्गत चौन्दी पंचायत के वार्ड संख्या 5 एवं 6 में बड़े कब्रिस्तान के पास से होकर महेंद्र चौक मुख्य बाजार बारसोई तक जाने वाली करीब 340 मीटर सड़क आजादी के 75 वर्ष बाद भी कच्ची पड़ी हुई है. सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय लोगों समेत आसपास के गांवों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि प्राणपुर क्षेत्र के जलकी, पोरला एवं शमशेरपुर गांव के लोग बारसोई बाजार आने-जाने के लिए मुख्य रूप से इसी मार्ग का उपयोग करते हैं. बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है. जिससे आवागमन लगभग बाधित हो जाता है. लोगों को मजबूरी में करीब छह किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर बारसोई प्रखंड, अंचल कार्यालय, अस्पताल व अनुमंडल मुख्यालय जाना पड़ता है. स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के किनारे बड़ा कब्रिस्तान स्थित है. जनाजा एवं मिट्टी देने के समय रास्ता संकरा और कीचड़युक्त होने के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. यही सड़क क्षेत्र के बच्चों के लिए बारसोई हाई स्कूल जाने का मुख्य मार्ग भी है. ग्रामीण जगदीश ठाकुर, वार्ड सदस्य मिथुन दास, पूर्व वार्ड सदस्य शंभू ठाकुर, मोफिज आलम, मिस्टर आलम व संजीत दास ने बताया कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है. लेकिन अब तक केवल अर्थवर्क कर छोड़ दिया गया है. उन्होंने प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से अविलंब सड़क का पक्कीकरण कराने की मांग की है. ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >