नया डायवर्सन तैयार ग्रामीणों को मिली राहत

नया डायवर्सन तैयार ग्रामीणों को मिली राहत

बारसोई अनुमंडल क्षेत्र के नया टोली कुशहा से खाड़ी गांव को जोड़ने वाली सड़क पर निर्माणाधीन पुल के समीप लगातार हुई बेमौसम बारिश के कारण डायवर्सन डूब जाने से कई दिनों तक आवागमन प्रभावित रहा. सड़क संपर्क टूटने से स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही थी. लोगों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही थी. बारिश थमते ही ग्रामीण कार्य विभाग हरकत में आया और कार्यपालक अभियंता के निर्देश पर संवेदक द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नया डायवर्सन तैयार कराया गया. डायवर्सन बनते ही ग्रामीणों का आवागमन फिर से सुचारु हो गया. जिससे लोगों ने राहत की सांस ली. सोमवार को बारसोई ग्रामीण कार्य विभाग कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कार्यपालक अभियंता रणजीत कुमार ने बताया कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण निर्माणाधीन पुल के नीचे बना डायवर्सन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. ग्रामीणों की शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल वैकल्पिक डायवर्सन निर्माण का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बारिश के कारण अचानक हालात बिगड़ गए थे, जिससे सिर्फ आवागमन ही नहीं बल्कि किसानों की फसलें भी प्रभावित हुई हैं. मक्का एवं गरमा धान की खेती को भारी नुकसान पहुंचा है. हालांकि विभाग की त्वरित पहल से अब रास्ता फिर से चालू कर दिया गया है. लोगों की परेशानी काफी हद तक कम हुई है. ग्रामीणों का कहना था कि बारिश के दौरान पुल निर्माण स्थल के पास पानी भर जाने से बाइक, साइकिल और पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों एवं किसानों को उठानी पड़ रही थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >