गेड़ाबाड़ी में एनएच-31 की 200 फीट भूमि से हटाया गया अतिक्रमण

गेड़ाबाड़ी में एनएच-31 की 200 फीट भूमि से हटाया गया अतिक्रमण

डीएम के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने की हुई कार्यवाही

कटिहार

कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के एनएच 31 के किनारे वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण पर आखिरकार प्रशासन का बुलडोजर चला. लगातार लगने वाले भीषण जाम व आमजनों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए डीएम के निर्देश पर रविवार को नगर पंचायत द्वारा व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. कार्रवाई से कोढ़ा के मुख्य बाजार गेड़ाबाड़ी चौक सहित एनएच-31 पर यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिली है. कोढ़ा नगर पंचायत के मुख्य बाजार व गेड़ाबाड़ी चौक पर अतिक्रमण के कारण अक्सर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती थी. छोटी-बड़ी वाहनें लंबी कतार में फंसी रहती थी. आमलोगों, व्यापारियों और यात्रियों को जाम में फंसकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. गंभीर समस्या को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने मामले में संज्ञान लिया. 13 जनवरी को स्पष्ट आदेश जारी कर एनएच 31 को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया था. जिला प्रशासन के आदेश के आलोक में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शाहबाज राजा के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. एनएच-31 के किनारे अवैध रूप से बनाए गए दुकानों और ढांचों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें हटाया. प्रशासन ने सख्ती के साथ सड़क की भूमि को खाली कराया. ताकि भविष्य में यातायात बाधित न हो. अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. बड़ी संख्या में कोढ़ा थानाध्यक्ष सुजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. अंचल पदाधिकारी संजीव कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी शाहबाज राजा सहित नगर पंचायत के कई अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मी मौके पर मौजूद रहे. कार्रवाई शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करायी गयी. सीओ संजीव कुमार ने बताया कि एनएच-31 की लगभग 200 फीट भूमि दोनों तरफ को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है. कहा कि यह भूमि कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आती है. लंबे समय से इस पर अवैध कब्जा बना हुआ था. अतिक्रमण हटने से सड़क की चौड़ाई बढ़ी है. अब जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आने की उम्मीद है. इससे पहले भी कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था. लेकिन कुछ दुकानदारों द्वारा दुबारा अवैध कब्जा कर लिया गया था. विशेष रूप से कोढ़ा हाई स्कूल के समीप कई दुकानें अतिक्रमण की जद में थी. जिला पदाधिकारी के सख्त निर्देश के बाद इस बार पूर्ण रूप से अतिक्रमण हटाया गया. ताकि दुबारा समस्या उत्पन्न न हो. स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है. लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई थी. जिससे हर दिन जाम लगना आम बात हो गई थी. अब सड़क खाली होने से यातायात सुचारु रूप से चल सकेगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी.

नगर पंचायत प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति राष्ट्रीय राजमार्ग या सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >