कटिहार में 42,000 का चालान कटते ही भड़का ट्रैक्टर मालिक; NH-81 के बीचो-बीच गाड़ी खड़ी कर किया चक्का जाम

कटिहार में 42 हजार रुपये का भारी चालान कटने से नाराज एक ट्रैक्टर मालिक ने NH-81 के बीचों-बीच अपना ट्रैक्टर खड़ा कर दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा. नाराज ग्रामीणों ने किसानों पर बढ़ते आर्थिक बोझ की बात कही.

कटिहार. कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र में एनएच-81 कटिहार-गेड़ाबाड़ी मुख्य सड़क पर धर्मकांटा के पास सोमवार को वाहन जांच के दौरान भारी जुर्माना लगाए जाने से नाराज ट्रैक्टर मालिक ने सड़क पर ही ट्रैक्टर खड़ा कर दिया. इससे करीब आधे घंटे तक एनएच-81 पर आवागमन बाधित रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक और ग्रामीणों को समझाकर सड़क खाली कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका.

मकई लेकर गुलाबबाग जा रहा था ट्रैक्टर

जानकारी के अनुसार हाजीपुर निवासी मोहम्मद नाजिम अपने ट्रैक्टर पर किसानों की मकई लोड कर गुलाबबाग मंडी ले जा रहे थे. इसी दौरान संदलपुर पंचायत क्षेत्र में डीटीओ कटिहार की निगरानी में चल रहे वाहन जांच अभियान के दौरान टीम ने ट्रैक्टर को रोककर कागजात की जांच की.

करीब 42 हजार रुपये का चालान काटने का आरोप

जांच के बाद ट्रैक्टर पर करीब 42 हजार रुपये का चालान काटे जाने की बात सामने आई. चालान की राशि अधिक होने से ट्रैक्टर मालिक नाराज हो गया. विरोध में उसने धर्मकांटा के सामने एनएच-81 के बीच ट्रैक्टर खड़ा कर दिया. देखते ही देखते मौके पर आसपास के लोग भी जुटने लगे और सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई.

भारी चालान से किसानों पर आर्थिक बोझ का दावा

मौके पर जुटे लोगों का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसान छोटे वाहनों के माध्यम से अपना अनाज मंडी तक पहुंचाते हैं. ऐसे में भारी भरकम जुर्माना लगाए जाने से किसानों और छोटे वाहन मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है. लोगों ने वाहन जांच और कार्रवाई के दौरान ग्रामीण क्षेत्र के किसानों की परिस्थितियों को ध्यान में रखने की मांग की.

एनएच किनारे ट्रकों की पार्किंग से भी परेशानी

स्थानीय लोगों ने धर्मकांटा के आसपास नो-पार्किंग की समस्या का भी मुद्दा उठाया. लोगों के अनुसार एनएच के किनारे बड़ी संख्या में ट्रक खड़े रहते हैं, जिससे सड़क का एक बड़ा हिस्सा घिर जाता है. भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क संकरी होने से जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.

पुलिस ने समझाकर हटवाया ट्रैक्टर

सड़क जाम की सूचना मिलने पर यातायात थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया. इसके बाद ट्रैक्टर को सड़क से हटवाया गया और एनएच-81 पर वाहनों का परिचालन फिर से सामान्य हो गया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >