Amrit Bharat Station Scheme : यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कटिहार मंडल के मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नरह ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सिलीगुड़ी, ठाकुरगंज और अलुआबारी रोड रेलवे स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की.
यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री सूचना प्रणाली तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं. साथ ही यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया.
यात्री-केंद्रित और दिव्यांगजन-अनुकूल बनेंगे स्टेशन
मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नरह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, स्वच्छ, दिव्यांगजन-अनुकूल और पूरी तरह यात्री-केंद्रित बनाया जा रहा है. इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा. उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए.
कई वरिष्ठ रेलवे अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक एनजेपी अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) प्रभात रंजन, एरिया मैनेजर एनजेपी अक्षांश वर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता-III रमन वर्मा, उप मुख्य अभियंता (जीएस) नरेश कुमार सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने डीआरएम को विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया और तय समय पर कार्य पूरा करने का भरोसा दिलाया.
