कटिहार रेल मंडल के कोसी क्लब में मंगलवार को 'रेल सेवा पुरस्कार समारोह' का भव्य आयोजन किया गया. मंडल रेल प्रबंधक (DRM) किरेंद्र नरह की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और नवाचार के लिए मंडल के 51 चयनित रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ डीआरएम किरेंद्र नरह, महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष निवेदिता नरह, एडीआरएम मनोज कुमार सिंह और महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्ष पूजा सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
समर्पित कर्मचारियों की मेहनत से चलती है रेलवे: DRM
अपने संबोधन में डीआरएम किरेंद्र नरह ने कहा कि भारतीय रेलवे की सफलता और प्रगति उसके समर्पित एवं कर्मठ कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है.
उन्होंने सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली और अनुशासन अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है. डीआरएम ने सभी कर्मचारियों से यात्रियों की सुरक्षा, समयबद्ध रेल परिचालन, स्वच्छता और बेहतर यात्री सुविधाएं सुनिश्चित करने का आह्वान किया.
विभिन्न विभागों के 51 रेलकर्मियों को मिला पुरस्कार
समारोह के दौरान परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, यांत्रिक, वाणिज्य, सुरक्षा और चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों के 51 चयनित रेलकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया.
वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुरस्कृत कर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
समारोह का सफल आयोजन प्रवर मंडल कार्मिक अधिकारी (Sr. DPO) अंजनी प्रसाद श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया. कार्यक्रम में मंडल सांस्कृतिक संगठन और स्काउट एवं गाइड के सदस्यों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं.
समारोह में बड़ी संख्या में रेल अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन सहायक कार्मिक अधिकारी (APO) संतोष कुमार दत्त के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.
