बरारी में नाला निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने उठाए गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल

बरारी प्रखंड के दक्षिण भंडारतल पंचायत में मानक विहीन नाला निर्माण से ग्रामीणों में आक्रोश। सरकारी राजस्व की बर्बादी की आशंका, अधिकारी ने जांच का दिया आश्वासन।

कटिहार जिले के बरारी प्रखंड अंतर्गत दक्षिण भंडारतल पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित सीज टोला में स्पर-7 तटबंध के नीचे गांव जाने वाली सड़क किनारे आरसी नाला निर्माण कार्य विवादों में आ गया है. स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता और गुणवत्ता की अनदेखी का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि निर्धारित मानकों का पालन नहीं होने से नाला पहली ही बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो सकता है.

गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने जताई चिंता

ग्रामीणों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि क्षेत्र हर वर्ष बाढ़ से प्रभावित होता है. ऐसे में मजबूत और टिकाऊ नाला निर्माण आवश्यक है, लेकिन जिस तरीके से कार्य कराया जा रहा है, उससे नाला लंबे समय तक टिक नहीं पाएगा. लोगों का कहना है कि यदि निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया तो सरकारी धन की बर्बादी होगी और ग्रामीणों को भी इसका लाभ नहीं मिल सकेगा.

सूचना पट नहीं होने से उठे सवाल

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर किसी प्रकार का सूचना पट नहीं लगाया गया है. इससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि योजना किस विभाग की है, इसकी स्वीकृत राशि कितनी है और किस एजेंसी द्वारा कार्य कराया जा रहा है. लोगों का कहना है कि सूचना के अभाव में योजना की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

जांच की मांग तेज

स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने और गुणवत्ता की जांच के बाद ही आगे का भुगतान करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में यह योजना विफल साबित हो सकती है.

अधिकारी ने दिया जांच का भरोसा

इस मामले में पंचायती राज पदाधिकारी राज कुमार सिंह ने कहा कि शिकायत मिलने पर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी निर्माण कार्य में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम

Also Read: भागलपुर स्टेशन पर शुरू हुआ स्लीपिंग पॉड यात्री निवास की सुविधा, 46 बेड की सुविधा, दो स्पेशल ट्रेनों पर भी बड़ा अपडेट


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

हरिओम कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. समेली (कटिहार) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >