कटिहार. बिहार सरकार की पहल के तहत आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए मंगलवार को जिले के सभी प्रखंडों की एक-एक पंचायत समेत कुल 16 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किये गये. इसे ‘सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया.
बलरामपुर प्रखंड की लोहागढ़ा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी शामिल हुए. स्थानीय विधायक संगीता देवी भी शिविर में मौजूद रहीं. डीएम ने आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये.
30 दिनों में शिकायतों के निष्पादन का निर्देश
डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत देना है. पंचायत स्तर पर ही आवेदन और शिकायतें प्राप्त कर उनका निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन किया जायेगा. उन्होंने बताया कि शिकायतों के समाधान के लिए अधिकतम 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गयी है. तय अवधि में मामलों का निष्पादन नहीं करने वाले पदाधिकारियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के महत्वपूर्ण अवयव ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के तहत सरकार आम लोगों तक सीधे पहुंच रही है. उन्होंने लोगों से सहयोग शिविर में अपनी समस्याएं दर्ज कराने की अपील की.
सहयोग पोर्टल पर भी कर सकते हैं आवेदन
डीएम ने बताया कि शिविर में आवेदन देने के अलावा नागरिक सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत और आवेदन ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं. पोर्टल पर आवेदन की स्थिति की निगरानी भी की जा सकती है.
शिविर के दौरान पूर्व में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन कर कई लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिया गया. लाभार्थियों के बीच जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, निःशक्तता प्रमाण-पत्र, रैयतों को प्रपत्र सात, पर्चा सहित अन्य स्वीकृतियां एवं प्रमाण-पत्र वितरित किये गये.
विभिन्न विभागों के लगे काउंटर
शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, विद्युत और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण सहित विभिन्न विभागों के काउंटर लगाये गये. विभागीय अधिकारियों और कर्मियों ने लोगों की शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त किये. कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया.
मौके पर उप विकास आयुक्त अमित कुमार सहित जिले के वरीय पदाधिकारी, संबंधित प्रखंडों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे.
