जर्जर सड़क से लोगों का आवागमन करना मुश्किल

काजी टोला चौक से शिवानंदपुर मथुरापुर चौक सड़क बदलाह है. जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं, जलजमाव से भारी परेशानी हो रही है.

कटिहार के बारसोई से रिपोर्ट,

बारसोई प्रखंड क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कें वर्षों से जर्जर अवस्था में हैं. जिससे आमलोगों का आवागमन कठिन हो गया है. विशेष रूप से काजी टोला चौक से शिवानंदपुर होते हुए मथुरापुर चौक तक जाने वाली सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, उखड़ी हुई परत और जलजमाव के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने कहा, बरसात में यह सड़क और भी खतरनाक हो जाती है. आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, लेकिन अब तक सड़क के निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है. सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर मुखिया कमरुल जमा, कांग्रेस नेता जहारूल इस्लाम, जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम तथा सामाजिक कार्यकर्ता मो यासीन ने प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है.

आपस में कई गांवों को जोड़ने वाला हैमहत्वपूर्ण संपर्क पथ

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क पथ है. लेकिन उपेक्षा के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. इधर शहीद शुभम चौक से बारसोई थाना रोड, ब्लॉक रोड होते हुए कोटा, करीमगंज, जमीरा और खरुआ जाने वाली सड़क की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है. सड़क पर बने गड्ढों और टूटी सतह के कारण वाहन चालकों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है. जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो स्थानीय लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. उन्होंने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से जनहित में अविलंब कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को राहत देने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >