स्कूल परिसर में बिना अनुमति पंचायत भवन के निर्माण पर रोक की मांग
प्रखंड के राजकीय बुनियादी विद्यालय कोलासी परिसर में बिना अनुमति पंचायत भवन निर्माण शुरू किए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है
By RAJKISHOR K | Updated at :
कोढ़ा
. प्रखंड के राजकीय बुनियादी विद्यालय कोलासी परिसर में बिना अनुमति पंचायत भवन निर्माण शुरू किए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है. विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रीना कुमारी ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर निर्माण कार्य को तत्काल रोकने की मांग की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को कुछ लोगों ने विद्यालय के खेल मैदान में गड्ढा खोदकर पंचायत भवन निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया. प्रधानाध्यापिका ने शिक्षा विभाग की स्वीकृति और अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगे जाने पर संबंधित लोगों ने कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया. उच्चाधिकारी के आदेश का हवाला देते हुए कार्य जारी रखने की बात कही. विद्यालय प्रशासन का कहना है कि सिमरिया उत्तर पंचायत स्थित यह विद्यालय क्षेत्र का प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है. इसे प्लस टू स्तर तक मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने की अनुशंसा की जा चुकी है. ऐसे में विद्यालय परिसर में शैक्षणिक भवनों के निर्माण की आवश्यकता है, न कि अन्य निर्माण कार्यों की. प्रधानाध्यापिका ने जिला पदाधिकारी से हस्तक्षेप कर अनधिकृत निर्माण कार्य को तत्काल रोकने की मांग की है. साथ ही इस संबंध में विधायक कोढ़ा कविता पासवान, उप विकास आयुक्त कटिहार, शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी सूचना भेजी गयी है. प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. स्थानीय लोगों की नजर अब जिला प्रशासन के निर्णय पर टिकी हुई है.