बारसोई में महानंदा नदी में दिखा मगरमच्छ, दहशत में ग्रामीण; प्रशासन ने जारी की चेतावनी

कटिहार के बारसोई में महानंदा नदी में मगरमच्छ के दिखने से ग्रामीण भयभीत हैं. पिछले तीन दिनों से नदी किनारे मगरमच्छ के दिखाई देने से दहशत का माहौल है. प्रशासन ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है.

Katihar Crocodile Alert: कटिहार के बारसोई प्रखंड अंतर्गत महेशपुर पंचायत के भरतपुर गांव स्थित महानंदा नदी में बाढ़ के पानी के साथ पहुंचे मगरमच्छ ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. मगरमच्छ के बार-बार दिखाई देने के कारण नदी किनारे रहने वाले लोगों में भय का माहौल है. प्रशासन ने सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए लोगों से नदी से दूरी बनाए रखने की अपील की है.

नदी किनारे पहुंच गया मगरमच्छ

भरतपुर निवासी शमीम अख्तर ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह महानंदा नदी के किनारे बैठे थे. इसी दौरान उन्होंने नदी में एक मगरमच्छ को अपनी ओर तैरते हुए आते देखा. कुछ ही देर में मगरमच्छ नदी के किनारे तक पहुंच गया. इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. लोगों की भीड़ और शोर-शराबा बढ़ने पर मगरमच्छ दोबारा नदी में उतरकर मालपाड़ा घाट की ओर चला गया.

तीन दिनों से दिख रहा मगरमच्छ

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से भरतपुर घाट के आसपास मगरमच्छ लगातार देखा जा रहा है. इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है. अभिभावकों ने बच्चों को नदी के पास जाने से रोक दिया है और लोग भी अनावश्यक रूप से नदी किनारे जाने से बच रहे हैं.

वन विभाग से रेस्क्यू की मांग

ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहेगी.

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

अंचल पदाधिकारी श्याम सुंदर साहा और प्रखंड राजस्व पदाधिकारी सोनू कुमार ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि बच्चे किसी भी परिस्थिति में नदी किनारे अकेले न जाएं और फिलहाल नदी में स्नान करने से बचें. यदि मगरमच्छ दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे छेड़ने का प्रयास न करें तथा तत्काल प्रशासन या वन विभाग को सूचना दें.

सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव

atihar Crocodile Alert: प्रशासन का कहना है कि लोगों की सतर्कता से किसी भी संभावित दुर्घटना को टाला जा सकता है. मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग को भी अवगत करा दिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरविंद गुप्ता

अरविंद गुप्ता को पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्ष 2012 से लगातार कार्य कार्यरत हैं. वर्तमान में कटिहार जिले के बारसोई से समाचार संकलन का कार्य कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >