कटिहार समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुणाल कुमार ने रविवार प्रेस कांफ्रेंस में दावा किया कि घरेलू गैस की कोई किल्लत नहीं है. उन्होंने पत्रकारों को बताया कि कटिहार जिलान्तर्गत तीनों अनुमंडल क्षेत्रों के प्रखंडों में कार्यरत विभिन्न कंपनियों के कुल 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स है. कटिहार अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 10 प्रखंडों में 31 एजेंसी, बारसोई अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 04 प्रखंडों में 18 एजेंसी एवं मनिहारी अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 02 प्रखंडों में 05 एजेंसी के पास घरेलु उपभोक्ताओं के लिए शनिवार को कुल 25168 घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर उपलब्ध है. सभी कंपनियों के कार्यरत गैस एजेंसियों द्वारा शनिवार को घरेलू गैस की बुकिंग 4021 के विरूद्ध 3728 गैस सिलिंडर की आपूर्ति उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा दी गयी है. साथ ही सभी गैस एजेंसियों के पास कुल 900 व्यवसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध है. कटिहार जिलान्तर्गत गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध है. जिलान्तर्गत घरेलू गैस सिलिंडर के खपत के अनुसार एलपीजी गैस कंपनियों के द्वारा सामान्य रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है. कटिहार जिलान्तर्गत कार्यरत एजेंसियों की मांग के अनुरूप कंपनियों से प्राप्त डाटा के अनुसार रविवार को कुल 7207 घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. जिससे सम्पूर्ण प्रखंड अन्तर्गत विभिन्न गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स से संबंधित एलपीजी उपभोक्ताओं को आवश्यकता अनुसार आसानी से गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. इसके मद्देनजर केन्द्र सरकार के अलावे भी राज्य स्तर से लेकर जिला एवं प्रखंड स्तरों पर एलपीजी गैस आपूर्ति व वितरण की गहन निगरानी की जा रही है. ताकि गैसों की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलिंडर की बिक्री न हो सके. हेल्पलाइन नंबर पर करें कॉल प्रभारी डीएसओ ने बताया कि तेल एवं प्राकृतिक गैस की उत्पन्न समस्याओं के मद्देनजर आमजन को होने वाले कठिनाईयों के निदान के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाईन नम्बर -06452-239025 एवं 239026 जारी किया गया है.
घरेलू गैस के लिए उपभोक्ता संयम बनाएं रखें: प्रभारी डीएसओ
घरेलू गैस के लिए उपभोक्ता संयम बनाएं रखें: प्रभारी डीएसओ
