– मंत्री के निर्देश पर तकनीकी टीम ने किया निरीक्षण, जल्द शुरू होगा पिलर निर्माण बारसोई बारसोई नगर पंचायत के रेलवे गुमटी पर प्रस्तावित आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) निर्माण को लेकर अब ठोस पहल दिखने लगी है. विधायक संगीता देवी की सक्रियता का असर यह हुआ कि पथ निर्माण मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल के निर्देश पर शनिवार को विभागीय टीम ने स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया. पथ निर्माण विभाग के डिप्टी जनरल मैनेजर मुकेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जहां पिलर निर्माण के लिए आवश्यक तकनीकी जांच-पड़ताल की गयी. इस दौरान विधायक संगीता देवी भी स्थल पर मौजूद रहीं और अधिकारियों को स्थानीय समस्याओं, जाम की स्थिति तथा लोगों की परेशानियों से अवगत कराया. निरीक्षण के दौरान स्थल की भौगोलिक स्थिति, यातायात दबाव एवं निर्माण से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं का सूक्ष्म अध्ययन किया गया. अधिकारियों ने संकेत दिया कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर पिलर निर्माण कार्य शुरू कराया जायेगा. विधायक संगीता देवी ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की सकारात्मक पहल से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान संभव हो पायेगा. इधर, आरओबी निर्माण की दिशा में बढ़ते कदम से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है. आमजन व व्यवसायियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि ओवरब्रिज बनने से जाम की समस्या से स्थायी निजात मिलेगी और आवागमन सुगम होगा.
रेलवे गुमटी पर आरओबी निर्माण को लेकर तेजी, विधायक की पहल रंग लाई
रेलवे गुमटी पर आरओबी निर्माण को लेकर तेजी, विधायक की पहल रंग लाई
