कटिहार : प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे आवासों को शीघ्र पूरा कराने के लिए कटिहार नगर निगम ने शनिवार से 15 दिवसीय विशेष आवास पूर्ण महाअभियान शुरू किया. अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के 1 से 45 वार्डों में लाभार्थियों के साथ वार्डवार बैठक कर आवास निर्माण की स्थिति की समीक्षा की जायेगी.
अभियान के पहले दिन वार्ड संख्या 40 और 42 में लाभार्थियों के साथ बैठक हुई. इसमें वार्ड 40 के पार्षद भोला सहनी और वार्ड 42 के पार्षद प्रतिनिधि मो. यासीन मुखिया मौजूद रहे. नगर आयुक्त संतोष कुमार ने लाभार्थियों से एक-एक कर बातचीत कर आवास निर्माण में आ रही परेशानियों की जानकारी ली.
नगर आयुक्त ने बताया कि जिन लाभार्थियों ने प्रथम या द्वितीय किस्त की राशि प्राप्त कर ली है, लेकिन अभी तक निर्माण शुरू नहीं किया है या आवास को अधूरा छोड़ दिया है, उन्हें जल्द निर्माण पूरा करना होगा. विभाग की ओर से एचएफए 1.0 के आवासों को सितंबर 2026 तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है.
उन्होंने लाभार्थियों से सितंबर के प्रथम सप्ताह तक आवास निर्माण पूरा करने की अपील की, ताकि शेष सहायता राशि समय पर मिल सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि सितंबर के बाद आवास पूरा करने वाले लाभार्थियों को सरकारी सहायता राशि मिलने में परेशानी हो सकती है.
नगर निगम ने 15 दिनों के भीतर अधिक से अधिक अधूरे आवासों को पूरा कराने का लक्ष्य रखा है. अभियान के दौरान वार्डवार बैठक कर लाभार्थियों की समस्याओं का समाधान करने के साथ निर्माण कार्य को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जायेगा.
