जिला समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कटिहार समाहरणालय स्थित एनआईसी के सभागार कक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी, कटिहार आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की शुरुआत में डीएम ने अवगत कराया कि पिछले दिनों जिले के कुछ क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण आयी तेज हवा और बारिश के चलते बहुत से किसानों के द्वारा फसल क्षति का शिकायत प्राप्त हुआ है. किसानों की शिकायत के आधार पर सभी अंचलाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण जो भी किसानों का फसल क्षति हुई है. इसकी विस्तृत रिपोर्ट बनाकर जिला मुख्यालय में समर्पित करना सुनिश्चित करेंगे. ताकि किसानों को नियमानुसार फसल क्षति की मुआवजा प्रदान किया जा सके. उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के द्वारा प्रत्येक प्रखंड में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, खेल मैदान, पानी की टंकी, पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र आदि के लिए आवंटित भूमि की स्थिति की समीक्षा की. अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इन विकास कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा एनओसी प्रक्रिया को शीघ्रता से पूरा करने का प्रयास करें. उन्होंने जोर देकर कहा कि भूमि संबंधी अड़चनों को तत्काल दूर किया जाय. ताकि निर्माण कार्य प्रारंभ हो सकें. साथ ही निर्देशित किया गया कि जिस-जिस पंचायत में पंचायत सरकार भवन का कार्य पूर्ण करा लिया गया है. उसको जिला पंचायत राज पदाधिकारी को हैंड ओवर कराना सुनिश्चित करेंगे. ताकि पंचायत सरकार भवन में सभी प्रकार के कार्यों का संचालन स-समय किया जाय और हरेक तरह के सुविधाएं आम जनों को उपलब्ध कराया जाए सके इसके अलावा बैठक में शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति एवं युवा, खेल, परिवहन, मद्य निषेध, नगर निगम, श्रम संसाधन, पथ निर्माण प्रमंडल, ग्रामीण पथ प्रमंडल, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल सहित अन्य सभी संबंधित विभागों की गतिविधियों तथा योजनाओं की भी समीक्षा की गयी. डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिये. बैठक में डीएम के साथ-साथ अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय समन्वय समिति के सभी पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी अंचलाधिकारी जुड़े थे.
सीओ व बीएओ फसल क्षति का आकलन कर शीघ्र रिपोर्ट समर्पित करें : डीएम
सीओ व बीएओ फसल क्षति का आकलन कर शीघ्र रिपोर्ट समर्पित करें : डीएम
