कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र में डेंगू जैसे खतरनाक मच्छरों से बचाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. नगर पंचायत के सभी वार्डों में लगातार फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आम लोगों को मच्छरों के प्रकोप से राहत मिल सके. मुख्य सड़कों पर फॉगिंग मशीन लगी गाड़ियों के माध्यम से छिड़काव किया जा रहा है, वहीं जिन संकरी गलियों में गाड़ी नहीं पहुंच पा रही है, वहां हाथ से चलने वाले मशीनों के जरिए फॉगिंग कराई जा रही है. नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र के किसी भी वार्ड या मोहल्ले में यदि फॉगिंग टीम या गाड़ी नहीं पहुंच पा रही है, तो इसकी सूचना सीधे उन्हें दी जाए. उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसे स्थानों पर भी तत्काल व्यवस्था कर फॉगिंग कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य हर हाल में लोगों को डेंगू और अन्य मच्छर जनित बीमारियों से सुरक्षित रखना है. उन्होंने यह भी बताया कि फॉगिंग के साथ-साथ पूरे नगर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है. नालियों और जलजमाव वाले स्थानों पर विशेष ध्यान देते हुए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि मच्छरों के पनपने पर रोक लगाई जा सके.चैती छठ महापर्व को देखते हुए नगर पंचायत की सक्रियता और भी बढ़ा दी गई है. छठ घाटों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई के साथ-साथ नियमित फॉगिंग कराई जा रही है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.नगर पंचायत द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान से स्थानीय लोगों में संतोष देखा जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा.
चैती छठ से पहले सफाई और ब्लीचिंग का छिड़काव, हर वार्ड में पहुंच रही टीम
चैती छठ से पहले सफाई और ब्लीचिंग का छिड़काव, हर वार्ड में पहुंच रही टीम
