कटिहार (फलका) : फलका थाना क्षेत्र के मोरसंडा पंचायत के छोटी चातर गांव में रविवार को आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. घटना में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. सभी घायलों को परिजन इलाज के लिए फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये, जहां उनका उपचार किया गया.
घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से फलका थाना में अलग-अलग आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से श्रवण कुमार, संतोष कुमार, सुबोध कुमार, प्रदीप कुमार, शिवनंदन कुमार और बंटी कुमार को गिरफ्तार किया. आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में कटिहार जेल भेज दिया गया.
एक पक्ष ने जानलेवा हमला करने का लगाया आरोप
प्रथम पक्ष की सविता देवी ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि 16 अगस्त की शाम करीब सात बजे उनके पति और पुत्र काम से घर लौट रहे थे. इसी दौरान रमेश राम, माला देवी, संतोष राम, मंतोष राम, श्रवण कुमार, जितेंद्र राम और उमेश राम समेत अन्य लोग कथित रूप से लोहे की रड, दबिया और तलवार लेकर पहुंचे और उनके पति व पुत्र पर हमला कर दिया.
आवेदन के अनुसार, हमले में उनके पति के सिर में गंभीर चोट लगी और सिर कई जगह फट गया. पुत्र के सिर पर भी दबिया से वार करने का आरोप लगाया गया है. बचाने पहुंचे स्वजनों के साथ लाठी-डंडे से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का लगाया आरोप
दूसरे पक्ष की माला देवी ने आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री प्रिया कुमारी दरवाजे पर बैठी थी. इसी दौरान बंटी कुमार और राजेश राम ने कथित रूप से उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और पूर्व से चल रहे मामले को उठाने की धमकी दी.
शोर सुनकर जब वह अपने पति और पुत्र के साथ बाहर निकलीं तो आरोप है कि शिवम कुमार ने लाठी और लोहे की रड से उनके पति व पुत्र पर हमला कर दिया. आवेदन में सुमित कुमार, नीतीश कुमार, प्रदीप राम, सविता देवी, पार्वती कुमारी, मंजू देवी, अरुणा देवी, प्रकाश राम और सुबोध राम समेत अन्य लोगों पर भी हरवे-हथियार से लैस होकर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है.
माला देवी ने अपने पति को तलवार से घायल करने, घर में तोड़फोड़ करने, मारपीट के दौरान कपड़ा फाड़ने और मोबाइल छीनने का भी आरोप लगाया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया है. दोनों पक्षों से छह आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में कटिहार भेजा गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
