बलिया बेलौन (कटिहार) : चनदहर ग्राम पंचायत में मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. जिला पदाधिकारी के निर्देश पर मनरेगा भवन में आयोजित शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का पंचायत स्तर पर त्वरित समाधान करना था. शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 55 मामलों का निष्पादन किया गया.
शिविर का आयोजन मुखिया राबिया खातुन और मुखिया प्रतिनिधि सह अधिवक्ता रागिब शजर की देखरेख में हुआ. उद्घाटन के बाद कदवा बीडीओ प्रेम कुमार ने शिविर का जायजा लिया. इस दौरान जिला और प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे.
अधिकांश मामलों का मौके पर ही हुआ समाधान
बीडीओ प्रेम कुमार ने बताया कि राशन कार्ड, श्रम कार्ड, जमीन म्यूटेशन की रसीद, स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य जांच सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया. जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके लिए आवश्यक कार्रवाई करते हुए सेवा संवाद समाधान पोर्टल पर अपलोड किया गया. उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जायेगा.
अलग-अलग विभागों के लगाये गये स्टॉल
शिविर में पंचायती राज, अंचल, श्रम संसाधन, मनरेगा, नल-जल, जनवितरण प्रणाली, सांख्यिकी, स्वास्थ्य और स्वच्छता सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाये गये. स्टॉल पर कर्मियों ने ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें पंजीकृत किया और नियमानुसार कार्रवाई की.
मुखिया राबिया खातुन ने कहा कि इस तरह के शिविर से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है. यह बिहार सरकार की सराहनीय पहल है.
मुखिया प्रतिनिधि रागिब शजर ने शिविर के सफल आयोजन के लिए पदाधिकारियों, कर्मियों और ग्रामीणों के प्रति आभार जताया.
शिविर के संचालन के लिए कार्यपालक सहायक को नोडल कर्मी और पंचायत सचिव लालदेव कुमार को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गयी थी. राजस्व कर्मी, किसान सलाहकार, आवास सहायक, रोजगार सेवक, विकास मित्र, आशा और स्वच्छता पर्यवेक्षक को सहायक कर्मी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था. शांति व्यवस्था के लिए बलिया बेलौन पुलिस की तैनाती रही.
