कोढ़ा रामनवमी और चैत्र नवरात्र के पावन अवसर को लेकर कोढ़ा थाना क्षेत्र में प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है. बुधवार को कोढ़ा अनुमंडल के डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में कोढ़ा थाना क्षेत्र में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया. थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार, अपर थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे. फ्लैग मार्च कोढ़ा थाना परिसर से शुरू होकर नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में भ्रमण करता हुआ पुनः थाना परिसर वापस लौटा. मार्च के दौरान पुलिस प्रशासन ने आमजन में सुरक्षा का भरोसा जगाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देने का काम किया. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें आगामी रामनवमी और नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. डीएसपी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि सभी पूजा समितियों एवं शोभायात्रा आयोजकों को बिहार सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा. बिना अनुमति के किसी भी प्रकार की शोभायात्रा या जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी. थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है. सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल पूरी तरह अनुशासित और सजग दिखाई दिया. आम लोगों में सुरक्षा का माहौल बना और लोगों ने प्रशासन के इस पहल की सराहना की.
शांति और सौहार्द के साथ मनाएं पर्व, गाइडलाइन का करें पालन
शांति और सौहार्द के साथ मनाएं पर्व, गाइडलाइन का करें पालन
