– मानव तस्करी की आशंका जताते हुए जांच व कार्रवाई की मांग बारसोई बारसोई थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों ने थाना में आवेदन देकर लड़की की सकुशल बरामदगी व मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. गोपनीयता बनाये रखने के उद्देश्य से लड़की व लड़की पक्ष के नाम को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है. नाबालिग लड़की बीते दिनों घर से बाहर जाने के बाद वापस नहीं लौटी. काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने स्थानीय थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है. परिजनों का आरोप है कुछ संदिग्ध लोगों द्वारा लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका है. मानव तस्करी से जुड़े गिरोह की संलिप्तता की भी आशंका जताई गई है. आवेदन में कहा घटना के बाद से परिजन लगातार अपने स्तर से खोजबीन कर रहे हैं. अब तक सफलता नहीं मिली है. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करने, संदिग्ध लोगों की पहचान कर पूछताछ करने तथा नाबालिग को जल्द सुरक्षित बरामद करने की मांग की है. पुलिस ने कहा, आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है. जल्द ही उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.
नाबालिग के लापता होने का मामला, थाना में दिया आवेदन
नाबालिग के लापता होने का मामला, थाना में दिया आवेदन
