आजमनगर : आजमनगर-सालमारी मुख्य सड़क पर शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 फीट नीचे जा गिरी. हादसे में कार चालक ने कूदकर अपनी जान बचायी. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गयी.
मुख्य सड़क से अचानक नीचे जा गिरी कार
जानकारी के अनुसार, कार संख्या WB 06 F 1264 आजमनगर मुख्य बाजार से सालमारी की ओर जा रही थी. इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 20 फीट नीचे जा गिरा.
कार के सड़क से नीचे गिरते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. सड़क से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त कार की स्थिति का जायजा लिया.
चालक ने कूदकर बचायी जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के अनियंत्रित होने के बाद चालक रहमत ने कूदकर अपनी जान बचायी. घटना की जानकारी मिलने के बाद चौकीदार मौके पर पहुंचे और आजमनगर पुलिस को इसकी सूचना दी.
इसके बाद पुलिस की देखरेख में क्षतिग्रस्त कार को मौके से उठाया गया.
हादसे की वजह को लेकर तरह-तरह की चर्चा
दुर्घटना के बाद काफी देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लगी रही. स्थानीय लोगों के बीच हादसे के कारण को लेकर तरह-तरह की चर्चा होती रही. कुछ लोगों ने चालक के वाहन चलाने के अनुभव को लेकर भी सवाल उठाये, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
फिलहाल कार किस परिस्थिति में अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. ग्रामीणों ने पुलिस से पूरे मामले की जांच करने की मांग की है. पुलिसिया जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.