चोरी के बाद बिखरा पड़ा समान | Prabhat Khabar Network

कटिहार में बंद घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी, मूसलाधार बारिश में वारदात को दिया अंजाम

कटिहार के गौशाला इलाके में मूसलाधार बारिश के दौरान चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया. लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा ले गए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

कटिहार : सहायक थाना क्षेत्र के गौशाला इलाके में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली. वारदात देर रात मूसलाधार बारिश के दौरान हुई. बारिश और रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और अलमारियों को खंगालकर फरार हो गये.

इलाज के लिए बेंगलुरु गये थे मकान मालिक

जानकारी के अनुसार, गौशाला निवासी मुंद्रिका सिंह पिछले करीब एक महीने से इलाज के सिलसिले में अपने बेटे के पास बेंगलुरु गये हुए हैं. घर में कोई नहीं रहने के कारण मकान बंद था. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने देर रात मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गये.

दो अलमारियों के लॉक और शटर तोड़े

घर में घुसने के बाद चोरों ने दो अलमारियों को निशाना बनाया. दोनों अलमारियों के लॉक और शटर तोड़कर उनमें रखे कीमती जेवरात, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिये. बारिश तेज होने के कारण आसपास के लोगों को चोरी की भनक तक नहीं लगी.

सुबह पड़ोसियों की नजर घर के टूटे हुए ताले पर पड़ी, जिसके बाद चोरी की जानकारी सामने आयी. पड़ोसियों ने मुंद्रिका सिंह के परिजनों और सहायक थाना पुलिस को इसकी सूचना दी.

पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. स्थानीय लोगों के अनुसार, चोरी गये सामान की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है. हालांकि, कितनी नकदी और कितने जेवरात चोरी हुए हैं, इसका पूरा आकलन मकान मालिक के लौटने के बाद ही हो सकेगा.

परिजनों से फोन पर हुई बातचीत के अनुसार, चोर घर से काफी सामान और जेवरात ले गये हैं. फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.

चोरी के बाद मोहल्ले में दहशत

घटना के बाद गौशाला इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि इलाके में चोरी की घटनाओं पर रोक लगायी जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राणा प्रताप सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >