15 दिनों से लापता 13 वर्षीय सत्यम का मखाना खेत से मिला शव, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

कटिहार जिले के रमेली गांव से 13 वर्षीय सत्यम का शव 15 दिनों की तलाश के बाद एक मखाना के खेत से बरामद हुआ है. पिता ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है.

कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बहरखाल पंचायत के रमेली गांव में 13 वर्षीय बालक सत्यम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. गत 24 जुलाई से अचानक लापता सत्यम का शव शुक्रवार को गांव के ही एक मखाना के खेत से बरामद किया गया. 15 दिनों के बाद बालक का शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.

मखाना खेत में पड़ा मिला शव, 15 दिनों से जारी थी तलाश

रमेली गांव निवासी मंगल महतो का 13 वर्षीय बेटा सत्यम बीते 24 जुलाई को अचानक घर से गायब हो गया था. परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था. शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो मखाना के खेत में सत्यम का शव देखकर दंग रह गए और तुरंत इसकी जानकारी परिजनों और पुलिस को दी.

पिता का आरोप: "पुरानी रंजिश में की गई बेटे की हत्या"

मृतक सत्यम के पिता मंगल महतो ने गांव के ही कृष्णा महतो पर अपने बेटे की सुनियोजित साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है:

  • विवाद की वजह: परिजनों का दावा है कि कुछ समय पहले सत्यम ने अपनी मां की सोने-चांदी की पायल घर से चुराकर गांव के ही एक लड़के के साथ बहरखाल स्थित एक आभूषण दुकान में बेच दी थी.
  • धमकी देने का आरोप: इस बात को लेकर कृष्णा महतो और उनके परिवार के साथ विवाद हुआ था. पिता का आरोप है कि इसी विवाद के कारण उनके बेटे को अंजाम भुगतने की धमकियां दी जा रही थीं.

मुखिया प्रतिनिधि पर लापरवाही का आरोप, उन्होंने बताया राजनीतिक साजिश

परिजनों ने बहरखाल पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह कुशवाहा पर भी गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि बच्चा गायब होने पर जब वे मदद मांगने गए तो उन्होंने थाने में आवेदन देने या ठोस कार्रवाई कराने में सहयोग नहीं किया.

मुखिया प्रतिनिधि का पक्ष: आरोपों को खारिज करते हुए मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह कुशवाहा ने कहा, "यह घटना बेहद दुखद है, लेकिन मेरे ऊपर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद और राजनीतिक साजिश का हिस्सा हैं. मैं स्वयं मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करता हूं."

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही रौतारा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया.

रौतारा थाना अध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद से पूरे रमेली गांव में मातम पसरा हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >