– स्थानीय लोगों में दहशत, नगर पंचायत के कैमरे बनी शोभा की वस्तु बारसोई बारसोई नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं ने आमलोगों की चिंता बढ़ा दी है. शनिवार को बारसोई बाजार में एक ही दिन दो अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी होने की घटना ने पुलिस प्रशासन एवं नगर पंचायत की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बारसोई बाजार निवासी चंदन भगत ने बारसोई थाना में आवेदन देकर बताया कि उनके पिता मुन्ना लाल भगत शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रतिदिन की तरह घर के बाहर अपनी बाइक खड़ी कर भोजन करने अंदर गए थे. कुछ देर बाद बाहर निकलने पर देखा कि उनकी काले रंग की हीरो एचएफ डीलक्स बाइक नंबर बीआर-39 एएस 1790 गायब थी. परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद पीड़ित परिवार ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. इधर, उसी दिन बारसोई बाजार स्थित मुर्गी हट्टी के समीप से भी एक अन्य बाइक चोरी हो गई. बारसोई नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि हाल के आंधी-तूफान एवं स्टेट हाईवे-98 चौड़ीकरण कार्य के दौरान कई स्थानों पर केबल क्षतिग्रस्त हो गया है. जिसके कारण कुछ सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं. सभी कैमरे फिलहाल मेंटेनेंस में हैं. संबंधित एजेंसी को मरम्मत का निर्देश दिया गया है. बहुत जल्द सभी कैमरे पुनः चालू हो जायेंगे. लोगों ने कहा, यदि समय रहते सीसीटीवी दुरुस्त रहते तो अपराधियों की पहचान संभव हो सकती थी. लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत के कैमरे केवल शोभा की वस्तु बनकर रह गए हैं. अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बारसोई बाजार एवं नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से गश्ती बढ़ाने, खराब सीसीटीवी को तत्काल चालू कराने तथा बाइक चोर गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की है.
बारसोई में बढ़ी बाइक चोरी की घटनाएं, बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों पर उठे सवाल
बारसोई में बढ़ी बाइक चोरी की घटनाएं, बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों पर उठे सवाल
