Bihar News: कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड के बेलवा पंचायत अंतर्गत लगूवा गांव निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद जाकिर की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. जाकिर कोलकाता से अपने घर लौट रहा था, जहां उसकी छोटी बहन की शादी होने वाली थी. लेकिन खुशियों के इस मौके पर यह हादसा परिवार के लिए गहरे सदमे में बदल गया.
वर्धमान जंक्शन के पास हुआ हादसा
यह हादसा सोमवार देर रात पश्चिम बंगाल के वर्धमान जंक्शन के पास हुआ. बताया जा रहा है कि जाकिर कंचनजंघा एक्सप्रेस से सफर कर रहा था. इसी दौरान किसी कारणवश वह ट्रेन से गिर गया और दूसरी पटरी पर पहुंच गया. तभी तेज रफ्तार से आ रही दूसरी ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे की वजह पर संदेह
परिजनों के मुताबिक, आशंका है कि यात्रा के दौरान किसी ने उसे धक्का दे दिया होगा, जिससे वह ट्रेन से गिर गया. हालांकि, घटना की सही वजह का पता जांच के बाद ही चल पाएगा.
घर में मची चीख-पुकार
जैसे ही इस दर्दनाक घटना की खबर गांव पहुंची, पूरे घर में चीख-पुकार मच गई. बहन की शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. परिजन रो-रोकर बेसुध हो गए. मृतक की पत्नी, जिसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और जो गर्भवती है, यह खबर सुनकर बेहोश हो गई.
कोलकाता में करता था काम
बताया जाता है कि जाकिर कोलकाता के एक होटल में बावर्ची का काम करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. वह खास तौर पर अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर लौट रहा था.
प्रशासन से मुआवजे की मांग
घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है. पंचायत की मुखिया सलमा खातून, पैक्स अध्यक्ष मोहम्मद तैयब, जिप सदस्य प्रत्याशी फरीद आलम समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की है.
शव लाने की प्रक्रिया जारी
मृतक के पिता ने बताया कि रेलवे प्रशासन की ओर से घटना की सूचना दी गई है. परिवार के सदस्य शव लाने के लिए वर्धमान रवाना हो चुके हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
(कटिहार से अरविंद गुप्ता की रिपोर्ट)
Also Read: पटना में डायल 112 की लापरवाही, स्कूली छात्र को टक्कर मारकर भागी पुलिस गाड़ी, जांच शुरू
