कोलासी-मधुरा मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक की मांग

ग्रामीणों ने कोलासी-मधुरा सड़क मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन को लेकर चिंता व्यक्त की. कहा, कटिहार शहर में दिन के समय नो-एंट्री से लोडेड ट्रक एवं अन्य भारी वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं.

कटिहार के कोढ़ा से रिपोर्ट,

20 जून से विद्यालय खुलने के मद्देनजर कोलासी-मधुरा होते हुए हवाई अड्डा की ओर जाने वाले भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन पर रोक लगाने व सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर कोलासी पुलिस शिविर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में कोढ़ा सदर डीएसपी-2 सुनील कुमार शर्मा, ट्रैफिक थाना इंस्पेक्टर मुकेश कुमार मंडल, कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार, स्थानीय ग्रामीणों तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया. ग्रामीणों ने कोलासी-मधुरा सड़क मार्ग पर लगातार बढ़ रहे भारी वाहनों के आवागमन को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की. लोगों ने कहा, कटिहार शहर में दिन के समय नो-एंट्री लागू रहने के कारण बड़ी संख्या में लोडेड ट्रक एवं अन्य भारी वाहन इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं. सड़क पर दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है. ग्रामीणों ने अधिकारियों को अवगत कराया कि आगामी 20 जून से विद्यालयों में पठन-पाठन शुरू होने वाला है. प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े छात्र-छात्राएं इसी सड़क मार्ग से पैदल, साइकिल एवं अन्य साधनों से विद्यालय आते-जाते हैं.

भारी वाहनों से हादसे की रहती है आशंका

तेज गति से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण किसी भी समय बड़ी दुर्घटना घट सकती है. कई स्थानों पर सड़क संकरी होने और आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरने के कारण खतरा और बढ़ जाता है. बैठक में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने, निर्धारित समय तय करने, गति सीमा लागू करने तथा आवश्यकतानुसार यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने जैसे विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने ग्रामीणों की चिंताओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि बच्चों, आम नागरिकों एवं राहगीरों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जायेंगे. डीएसपी सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का समाधान आपसी समन्वय एवं जनसहभागिता से ही संभव है.

यातायात नियमों के पालन और वाहन चालकों को जागरूक करने पर बल दिया

ट्रैफिक इंस्पेक्टर मुकेश कुमार मंडल ने यातायात नियमों के पालन और वाहन चालकों को जागरूक करने पर बल दिया. कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार ने भी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू व सुरक्षित बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया. बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालय अवधि के दौरान भारी वाहनों के परिचालन पर प्रभावी नियंत्रण लगाने, नियमित निगरानी करने तथा दुर्घटना की आशंका वाले स्थलों पर विशेष व्यवस्था तथा नो एंट्री स्थल का विस्तार जिसमें हाजीपुर में लगे नो एंट्री स्थल को बढ़ाकर दिघरी चौक तक करने की मांग की.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajkishor k

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >