बकरीद: डीएम व एसपी ने शहर के प्रमुख स्थलों का किया निरीक्षण

बकरीद: डीएम व एसपी ने शहर के प्रमुख स्थलों का किया निरीक्षण

कटिहार जिले के शहरी व ग्रामीण इलाके में गुरुवार व उसके अगले दो दिन तक होने वाली बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण व आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एलर्ट मोड में है. बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की टीम के साथ शहर का भ्रमण किया. डीएम व एसपी ने बकरीद को लेकर जिला प्रशासन की ओर से की गयी तैयारियों जायजा लिया. साथ ही शहर के बाटा चौक, रामपारा सहित विभिन्न क्षेत्र में स्थित ईदगाह व अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया तथा व पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण को लेकर समीक्षा की. इस दौरान डीएम व एसपी ने स्थानीय लोगों से बातचीत भी की तथा आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ बकरीद का त्योहार मनाने की अपील की. डीएम ने कहा कि कटिहार की पहचान हमेशा से भाईचारे और सामाजिक एकता के लिए रही है. सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्व को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये. साथ ही आम लोगों से अपील की गयी कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें. ताकि बकरीद पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके. उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन ने बकरीद को लेकर 27 थाना व ओपी क्षेत्र अंतर्गत सभी ईदगाह व मस्जिद में सुरक्षा बलों के साथ दंडाधिकारी को तैनात किया है. पूर्व के कई घटनाओं का जिक्र करते हुए प्रतिनियुक्त किये गये अधिकारी एवं पुलिस बलों को मजबूती के साथ विधि व्यवस्था बनाये रखने का निर्देश दिया गया है. साथ ही विधि व्यवस्था बनाये रखना जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. ऐसे मौकों पर सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने की बात कही गयी है. आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न सिंह यादव सहित कई अधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajkishor k

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >