कटिहार में बाढ़ पीड़ित पर टूटा दुखों का पहाड़: बांध पर बनाए अस्थायी आशियाने में लगी भीषण आग

कटिहार में बाढ़ पीड़ितों पर दोहरा कहर टूटा. तटबंध पर बने अस्थायी आशियाने में आग लगने से परिवार का बचा-खुचा सहारा भी जलकर खाक हो गया.

कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड अंतर्गत किशनपुर पंचायत के वार्ड नंबर 9 सब्जी टोला गांव में सोमवार की शाम एक दर्दनाक अग्निकांड सामने आया. बाढ़ के कारण तटबंध पर शरण लेकर रह रहे एक असहाय परिवार के अस्थायी आशियाने में अचानक आग लग गई.

सोमवार देर शाम करीब 6:00 बजे घटी इस घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बाढ़ की त्रासदी से पहले ही जूझ रहे पीड़ित परिवार का बचा-खुचा सहारा भी इस भीषण आग में जलकर पूरी तरह खाक हो गया.

चूल्हे की चिंगारी से भड़की आग, देखते ही देखते विकराल हुईं लपटें

पीड़ित मोहम्मद ऐनासुल हक भीषण बाढ़ के चलते अपने घर से बेघर हो चुके थे और गृहस्थी का जरूरी सामान लेकर तटबंध पर अस्थायी झोपड़ी बनाकर सपरिवार गुजर-बसर कर रहे थे.

स्थानीय समाजसेवी मोफज्जल हक ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे परिवार के सदस्य रात का भोजन तैयार कर रहे थे. इसी दौरान चूल्हे से निकली एक छोटी सी चिंगारी पास में रखे सूखे जलावन पर जा गिरी. जब तक लोग कुछ समझ पाते, लपटों ने विकराल रूप ले लिया और पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया.

Also Read: जमुई वायरल वीडियो पर उमेश कुशवाहा बोले- दोषी कितने भी बड़े हों, पुलिस के कब्जे में आएंगे, मंत्री सुनील कुमार ने कही ये बात

ग्रामीणों ने की बुझाने की मशक्कत, तब तक सब कुछ हो चुका था राख

आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीण बाल्टियों में पानी लेकर दौड़े और आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास करने लगे.

कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग को बुझाया, लेकिन तब तक घर का छप्पर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था. आशियाने के भीतर रखे कपड़े, दैनिक उपयोग के घरेलू सामान, बर्तन और बाढ़ राहत में जुटाकर रखा गया राशन व खाने-पीने की सारी सामग्री जलकर बर्बाद हो गई. पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे दाने-दाने को मोहताज हो गया है.

प्रशासन से त्वरित राहत और उचित मुआवजे की पुरजोर मांग

बाढ़ के दंश के बाद अग्निकांड की इस दोहरी मार ने पीड़ित परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

समाजसेवी मोफज्जल हुसैन व अन्य ग्रामीणों ने जिला व प्रखंड प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है. उन्होंने मांग की है कि अंचल अधिकारी (सीओ) तुरंत राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराएं और आपदा प्रबंधन मद से पीड़ित ऐनासुल हक के परिवार को अविलंब पॉलीथिन शीट, सूखा राशन और उचित आर्थिक मुआवजा उपलब्ध कराएं.

Also Read: बिहार में करम पूजा के दौरान हादसा : पोखर में नहाने गये 6 बच्चों की डूबकर मौत, एक को बचाने में सभी डूबे

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >