बिघोर हाट पैक्स चुनाव में आलिया खातून विजयी, 178 मतों से दर्ज की निर्णायक बढ़त

बारसोई प्रखंड में पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव की पूरी प्रक्रिया अब संपन्न हो गयी है.

चार पंचायतों में निर्विरोध चयन के बाद एकमात्र सीट पर खत्म हुआ रोमांचक मुकाबला

बारसोई. बारसोई प्रखंड में पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव की पूरी प्रक्रिया अब संपन्न हो गयी है. चार पंचायतों शिकारपुर, आबादपुर, सुल्तानपुर व मौलानापुर में पहले ही निर्विरोध चयन से जहां सहमति का माहौल बना था. वहीं बिघोर हाट पंचायत में हुए चुनाव ने पूरे प्रखंड का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था. निर्विरोध चुने गए पैक्स अध्यक्षों में शिकारपुर से मो जिन्नाह, आबादपुर से मरियम बेगम, सुल्तानपुर से रिहान तथा मौलानापुर से इंतेसार आलम शामिल हैं. बिघोर हाट पंचायत में हुए मुकाबले में आलिया खातून ने 413 मत प्राप्त कर शानदार जीत हासिल की. उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोमिन को 235 मत मिले, जबकि जमाल अंसारी को 53 मत प्राप्त हुए. इस प्रकार आलिया खातून ने 178 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर अपनी स्थिति मजबूत साबित की. मतगणना के दौरान 33 मत रद्द घोषित किए गये. ज्ञात हो कि इस पंचायत में कुल 1628 मतदाताओं में से 737 ने मतदान किया था. जिससे 45.28 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था. नामांकन के समय चार प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन नाम वापसी के बाद मुकाबला तीन उम्मीदवारों के बीच सिमट गया था.

परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया. प्रखंड मुख्यालय परिसर में विजयी प्रत्याशी के समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया. निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ चंदन प्रसाद एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मुमताज अहमद की देखरेख में पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गयी. निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ चंदन प्रसाद ने सभी निर्विरोध चुने गए पैक्स अध्यक्षों के साथ-साथ बिघोर हाट की विजयी प्रत्याशी आलिया खातून को प्रमाण पत्र प्रदान किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >