कटिहार में पर्याप्त मात्रा में है एलपीजी सिलिंडर, अफवाहों से बचें: डीएम

कटिहार में पर्याप्त मात्रा में है एलपीजी सिलिंडर, अफवाहों से बचें: डीएम

कटिहार समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी संयुक्त रूप ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में एलपीजी गैस सिलिंडर की अद्यतन स्थिति साझा किया. डीएम ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि मध्य पूर्व में चल रहे आपसी विवाद व युद्ध के कारण विभिन्न क्षेत्रों में घरेलू गैस आपूर्ति से संबंधित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से तरह-तरह के भ्रामक सूचना व अफवाह प्रसारित की जा रही है. कटिहार जिलान्तर्गत तीनों अनुमंडल क्षेत्रों के प्रखंडों में कार्यरत विभिन्न कंपनियों के कुल 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स है. कटिहार अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 10 प्रखंडों में 31 एजेंसी, बारसोई अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 04 प्रखंडों में 18 एजेंसी एवं मनिहारी अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 02 प्रखंडों में 05 एजेंसी के पास घरेलु उपभोक्ताओं के लिए शुक्रवार को कुल 21781 घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर उपलब्ध है. सभी कंपनियों के कार्यरत गैस एजेंसियों द्वारा बुधवार को घरेलू गैस की बुकिंग 5290 के विरूद्ध 6352 गैस सिलिंडर की आपूर्ति उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा दी गयी है. सभी गैस एजेंसियों के पास कुल 1016 व्यवसायिक गैस सिलिंडर उपलब्ध है. डीएम ने बताया कि कटिहार जिलान्तर्गत गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त एलपीजी गैस सिलिंडर उपलब्ध है. जिलान्तर्गत घरेलू गैस सिलिंडर के खपत के अनुसार एलपीजी गैस कंपनियों के द्वारा सामान्य रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है. कटिहार जिलान्तर्गत कार्यरत एजेंसियों की मांग के अनुरूप कंपनियों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को कुल 8460 घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. जिससे सम्पूर्ण प्रखंड अन्तर्गत विभिन्न गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स से संबंधित एलपीजी उपभोक्ताओं को आवश्यकता अनुसार आसानी से गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. इसके मद्देनजर केन्द्र सरकार के अलावे भी राज्य स्तर से लेकर जिला एवं प्रखंड स्तरों पर एलपीजी गैस आपूर्ति व वितरण की गहन निगरानी की जा रही है. ताकि गैसों की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलिंडर की बिक्री न हो सके. प्रेस कांफ्रेंस में एसडीएम प्रद्युम्न सिंह यादव, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार, डीपीआरओ अभिषेक रंजन व सहायक आपूर्ति पदाधिकारी आदि मौजूद थे. हेल्पलाइन नंबर नंबर पर करें शिकायत डीएम ने बताया कि आमजन के हित में गैस वितरण प्रणाली को सुचारू एवं पारदर्शी बनाये रखने के लिए निरंतर आवश्यक कदम उठाये जा रहे है. साथ ही जरूरतमन्द संस्थानों जैसे शिक्षा एवं स्वास्थ्य को निर्वाध आपूर्ति के लिए अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया है. कहा कि जिला प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी की गयी है. तेल एवं प्राकृतिक गैस की उत्पन्न समस्याओं के मद्देनजर आमजन को होने वाले कठिनाईयों के निदान के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाईन नम्बर-06452-239025 एवं 239026 जारी किया है. कालाबाजारी व जमाखोरी पर कार्रवाई: एसपी एसपी शिखर चौधरी ने कहा कि गैस सिलेंडरों की बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान व कार्रवाई के लिए 16 धावा दल का गठन किया गया है. संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को इसकी निगरानी एवं अनुश्रवण के लिए निर्देशित किया है. कटिहार शहर के गैस एजेंसी के कर्मियों के विरूद्ध गैस आपूर्ति व वितरण में अनियमितता मामले में सहायक थाना कटिहार में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. अब तीन प्राथमिकी सहायक थाना में दर्ज की गयी है. उन्होंने एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि धैर्य बनाये रखें तथा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से प्रसारित अफवाहों व भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक रूप से गैस वितरकों के यहाँ भीड़ न लगाएं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >