कार्रवाई की अनुशंसा, छह माह बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

कार्रवाई की अनुशंसा, छह माह बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

बीइओ ने डीइओ को लिखा पत्र, फिर भी फाइल ठंडी शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल कोढ़ा कोढ़ा प्रखंड के उउमावि मड़वा नजरा चौकी विद्यालय से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है. विद्यालय के एक विशिष्ट शिक्षक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने की अनुशंसा किये जाने के बावजूद करीब छह माह बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं. बीईओ सह बीआरओ प्रियंका कुमारी ने 29 नवंबर 2025 को डीईओ कटिहार को पत्र लिखकर शिक्षक संजीव कुमार के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने की अनुशंसा की थी. पत्र में उल्लेख किया था 27 नवंबर 2025 को डीएम कटिहार ने विद्यालय का निरीक्षण किया था. निरीक्षण के दौरान विद्यालय की लाइब्रेरी व कस्तुरबा से जुड़ी व्यवस्था को लेकर गंभीर आपत्ति जताई गई थी. पत्र में यह भी कहा गया कि पूछताछ के क्रम में संबंधित शिक्षक ने जिला पदाधिकारी को अनावश्यक रूप से दिग्भ्रमित करने का आरोप सामने आया. विद्यालय से प्राप्त अक्तूबर 2025 की उपस्थिति विवरणी व उपस्थिति पंजी के अवलोकन में पाया कि 15 अक्तूबर 2025 तक शिक्षक ने सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थिति दर्ज की है. 8 अक्तूबर 2025 से निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त थे. इसका उल्लेख ई-शिक्षाकोष पोर्टल में भी दर्ज है. पत्र में यह भी बताया गया कि 27 नवंबर 2025 को शिक्षक आकस्मिक अवकाश पर थे. लेकिन उस दिन वे विद्यालय में उपस्थित पाये गये. जिला पदाधिकारी के समक्ष स्थिति को लेकर भ्रम उत्पन्न किया गया. इन तथ्यों के आधार पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने शिक्षक पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने व दूसरे प्रखंड में स्थानांतरण करने की अनुशंसा की थी. 0 इस पत्र के भेजे जाने के लगभग छह माह बाद भी विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कई सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय स्तर पर लोग यह चर्चा कर रहे हैं कि आखिर यह मामला विभागीय लापरवाही का परिणाम है. जब इस संबंध में संबंधित शिक्षक संजीव कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की किसी कार्रवाई या पत्र की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा, अगर ऐसी कोई कार्रवाई होती तो क्या मैं अभी भी विद्यालय में कार्यरत रहता. विद्यालय के प्राचार्य से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने भी स्पष्ट जवाब देने के बजाय बात को टालते हुए विषय को घुमाने की कोशिश की. इधर इस मामले को लेकर जब जिला शिक्षा पदाधिकारी कटिहार से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि नियमानुसार इस पर कार्रवाई की जायेगी और प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है. फिलहाल, मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली व कार्रवाई की गति पर सवाल उठ रहे हैं. अब देखना यह है कि विभाग इस मामले में कब तक ठोस कदम उठाता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >