कटिहार : जिला पदाधिकारी सह जिला गंगा समिति के अध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला गंगा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई. बैठक में गंगा संरक्षण, स्वच्छता, जन-जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई.
निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का निर्देश
बैठक के दौरान संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. डीएम ने सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाने को कहा.
मोक्षधाम और रिवर फ्रंट परियोजना की हुई समीक्षा
बैठक में बुडको को मोक्षधाम एवं रिवर फ्रंट डेवलपमेंट निर्माण कार्य की प्रगति तेज करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए.
घाटों की स्वच्छता पर विशेष जोर
नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों को गंगा घाटों की नियमित सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा अन्य सौंपे गए कार्यों की लगातार निगरानी करते हुए प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में उप विकास आयुक्त अमित कुमार, डीआरडीए निदेशक सह जिला गंगा समिति के नोडल पदाधिकारी सुदामा प्रसाद सिंह, जिला परियोजना पदाधिकारी ब्रज मोहन प्रसाद, मनिहारी, बारसोई, कुरसेला, बलरामपुर और अमदाबाद नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी, बुडको के उप परियोजना निदेशक, जिला कृषि पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
और पढ़ें : महाराष्ट्र में रेलवे ट्रैक पर मिला बारसोई के युवक का शव, हत्या का आरोप
