नाले में गिरने से तीन वर्षीय मासूम की मौत, गांव में मातम

नाले में गिरने से तीन वर्षीय मासूम की मौत, गांव में मातम

– नाला निर्माण में लापरवाही का आरोप, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग बारसोई प्रखंड के आबादपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर पंचायत में सोमवार को दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय बालक जिशांत की नाले में गिरने से मौत हो गयी. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार भवानीपुर पंचायत में हाल ही में पीसीसी नाले का निर्माण कराया गया था लेकिन नाले के ऊपर ढक्कन नहीं लगाया गया. इसी नाले के पास खेल रहे जिशांत की गेंद नाले में गिर गयी. गेंद निकालने के दौरान वह नाले के पास झांकने लगा. तभी फिसलकर नाले में जा गिरा. नाले में पानी भरा होने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गये. आनन-फानन में परिजन बच्चे को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की मां दिलो खातून एवं पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना से आक्रोशित परिजन व ग्रामीण मृतक बच्चे को लेकर प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और नाला निर्माण में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की. बीडीओ चंदन प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच का आदेश दिया. उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर उचित कार्रवाई की जायेगी. इसके बाद परिजन मृतक बच्चे के शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए घर रवाना हो गये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >