300 यूनिट तक बिजली व 78 हजार रुपये तक मिलेगी सब्सिडी

300 यूनिट तक बिजली व 78 हजार रुपये तक मिलेगी सब्सिडी

”पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” को लेकर जागरूकता शिविर,

नगर निगम परिसर में आठ अप्रैल तक चलेगा कैंप

कटिहार. कटिहार के लोगों को अब महंगे बिजली बिल से निजात मिलने वाली है. पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर मंगलवार को नगर निगम कार्यालय परिसर, कटिहार में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. यह शिविर आठ अप्रैल तक लगाया जायेगा. लालसन एजेंसी पावर सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में आम लोगों और व्यापारियों ने हिस्सा लिया, जहां उन्हें सौर ऊर्जा के जरिए ”जीरो बिजली बिल” के मंत्र समझाए गये.

नगर आयुक्त संतोष कुमार इस कैंप को लेकर काफी उत्साहित दिखे. शिविर को संबोधित करते हुए प्रोजेक्ट मैनेजर पवन कुमार साह ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य हर घर को एक छोटा पावर हाउस बनाना है. उन्होंने बताया कि भारत सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत उपभोक्ताओं को अपनी छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए भारी सब्सिडी दी जा रही है. इस पहल को पर्यावरण के लिए भी क्रांतिकारी बताया गया है. विशेषज्ञों के अनुसार, सौर ऊर्जा अपनाने से कार्बन उत्सर्जन कम होगा, जिससे बढ़ती गर्मी व प्रदूषण पर लगाम लगेगी. यह न केवल आर्थिक रूप से लाभकारी है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है.

मुफ्त बिजली योजना के तहत उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा. सोलर सिस्टम की क्षमता के आधार पर सरकार 30 हजार रुपये से लेकर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में देगी. इसके अलावा, यदि उपभोक्ता अपनी जरूरत से ज्यादा बिजली पैदा करता है, तो वह उसे ग्रिड को बेचकर अतिरिक्त कमाई भी कर सकता है. जागरूकता शिविर के दौरान असिस्टेंट प्रोजेक्ट मैनेजर विक्रम कुमार, नीरज कुमार, अजय शर्मा, सन्त्री साहा, अर्जित राज के साथ-साथ विशाल गुप्ता, मनीषा सिंह, उत्सव राज, रौशन जी सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >