बांग्लादेश के दंगों की पृष्ठभूमि पर आधारित है फिल्म: आलोक कटिहार ””मैं बिहार हूं”” एवं ””कोसी संगम इंटरटेनमेंट”” के संयुक्त तत्वावधान में विगत कई वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं समसामयिक विषयों पर आधारित लघु फिल्मों का सफल निर्माण किया जाता रहा है. इसी क्रम में पूर्व में निर्मित लघु फिल्म ””राम हाफिज”” को कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है. इसके उपरांत छठ महापर्व पर आधारित फिल्म ””छठ माटी बुलाती है”” को भी विभिन्न फिल्म फेस्टिवल में लगभग एक दर्जन पुरस्कार प्राप्त हुए है. अब इसी कड़ी में अगली प्रस्तुति के रूप में राजू दत्ता लिखित एवं आलोक कुमार द्वारा निर्देशित लघु फिल्म ””पलायन”” की शूटिंग इन दिनों जोर-शोर से जारी है. फिल्म के निर्देशक आलोक कुमार ने बताया कि यह फिल्म वर्ष 2024 में बांग्लादेश में हुए दंगों की पृष्ठभूमि पर आधारित है. जिसे अत्यंत मार्मिक एवं संवेदनशील ढंग से फिल्माया जा रहा है. इस लघु फिल्म में लगभग दो दर्जन कलाकार अपनी भूमिका निभा रहे हैं. पिछले दो महीनों से अधिक समय से फिल्म की शूटिंग कटिहार जिले के विभिन्न स्थानों पर की जा रही है. जिसमें स्थानीय परिवेश और यथार्थ को बारीकी से दर्शाने का प्रयास किया गया है. कैमरा मैन मनीष कुमार झा व अभिनव पॉल, प्रकाश एवं ध्वनि में राहुल मंडल, मेकअप में अंजलि कुमारी अपनी अपनी भूमिका निभा रहे है. जबकि बाल कलाकार यथा अमन कुमार, दिव्यांशी कुमारी तथा मुख्य किरदार में डॉ रिचा चौधरी, भावना सिंह, स्नेहा श्रीवास्तव, कौशिक कर, अनिल चमरिया, कुमार सत्यम आदि फिल्म की पूरी टीम समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ इस प्रोजेक्ट को एक सशक्त और भावनात्मक प्रस्तुति बनाने में जुटी हुई है. माना जा रहा है कि ””पलायन”” भी अपने पूर्ववर्ती फिल्मों की तरह राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में अपनी विशेष पहचान बनायेगी और दर्शकों के दिलों को गहरायी से छुयेगी. फिल्म को जल्द ही विभिन्न फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किए जाने की योजना है.
कटिहार में बन रही सामाजिक सरोकार से जुड़ी लघु फिल्म ''''पलायन''''
कटिहार में बन रही सामाजिक सरोकार से जुड़ी लघु फिल्म ''पलायन''
