आबादपुर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आबादपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र स्थित पुरिया ब्रिज से एक नशा विक्रेता को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के सुपुर्द कर दिया. शनिवार को आबादपुर थानाध्यक्ष शादाब ने बताया कि पुलिस को शुक्रवार की रात गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल क्षेत्र से एक युवक के द्वारा स्कूटी में छिपा कर अत्यंत नशीला मादक पदार्थ स्मैक लाया जा रहा है. युवक को धर दबोच लिया गया. उक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया है. तलाशी के पश्चात स्कूटी से कुल 49.83 ग्राम स्मैक (फुटुस्) की बरामदगी की गई है. बरामद स्मैक की कीमत लगभग 50000 रुपये बताई जा रही है. धरे गये धंधेबाज की पहचान मशरफ आलम के रूप में हुई है. बारसोई प्रखंड के बेलवा पंचायत स्थित मालतीपुर ग्राम निवासी अमालूद्दीन का पुत्र बताया जा रहा है. उस पर एनडीपीएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे शनिवार को जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया गया है. सीओ बारसोई श्याम सुन्दर ने बारसोई अंचल क्षेत्र में मादक व नशीले पदार्थ की बिक्री व सेवन पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की बात कही.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
