– एमएसपी पर गेहूं की खरीद शुरू कटिहार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य का 99.99 प्रतिशत धान की खरीदारी की गयी है. इस वर्ष विभाग द्वारा धान खरीद के लिए जिला का लक्ष्य 70470 मेट्रिक टन निर्धारित किया गया था. जिसके विरूद्ध अंतिम तिथि 31 मार्च तक 70466.361 मेट्रिक टन धान की खरीदारी की गयी है. जिले के कुल 165 समितियों की ओर से धान की खरीदारी की गयी है जिसमें 157 पैक्स एवं आठ व्यापार मंडल शामिल है. गत वर्ष लक्ष्य का 70.93 प्रतिशत धान की खरीदारी की गयी थी. इस वर्ष गत वर्ष के मुकाबले 30.30 प्रतिशत ज्यादा धान की खरीदारी हुई है. जिला सहकारिता पदाधिकारी बृजेन्द्र कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि रबी विपणन मौसम वर्ष 2026-27 अंतर्गत बुधवार से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदारी शुरू हो गयी है. गेहूं खरीद के लिए जिला टास्क फोर्स (अधिप्राप्ति) की बैठक में 172 पैक्स एवं 06 व्यापार मंडल का चयन किया गया है. चयनित सभी पैक्स व व्यापार मंडल को तत्काल एक-एक लॉट गेहूं खरीदारी का लक्ष्य दिया गया है. जिसके लिए ससमय कैश क्रेडिट स्वीकृत करने का निर्देश प्रबंध निदेशक, सहकारी बैंक को दिया गया है. गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रूपये प्रति क्विंटल डीसीओ ने बताया कि इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रूपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है. किसानों से गेहूं खरीद का यह अभियान एक अप्रैल से शुरू होकर 15 जून तक चलेगा. कृषि विभाग की ओर से जिला में गेहूं का अनुमानित उत्पादन 44949.73 मेट्रिक टन दिया गया है. जिसके आलोक में विभाग द्वारा जिला में गेहूं खरीदारी का लक्ष्य 70.00 मेट्रिक टन निर्धारित किया गया है. गेहूं खरीद के प्रथम दिन बेलवा पैक्स, प्रखंड बारसोई में एक किसान तैयब द्वारा 5.00 क्विंटल गेहूं की बिक्री की गयी है कालसर पैक्स, प्रखंड हसनगंज में एक किसान कमलेश कुमार ठाकुर द्वारा एक 1.00 क्विंटल गेहूं की बिक्री की गयी तथा सालेहपुर पैक्स, प्रखंड फलका में तीन किसानों से गेहूं की खरीद की गयी है. ई-सहकारी पोर्टल पर किसान कर सकते है निबंधन उन्होंने बताया कि गत वर्ष के निबंधित किसान सहित इस वर्ष अभी तक 185 किसानों द्वारा गेहूं बेचने के लिए निबंधन कराया गया है. जिले में चयनित पैक्स और व्यापार मंडल के क्रय केंद्र पर गेहूं की बिक्री करने के लिए किसानों का ऑनलाईन निबंधन 21 जनवरी 2026 से ही शुरू है. निबंधित किसान ई-सहकारी पोर्टल के किसान कार्नर पर जाकर आवेदन कर सकते है. पहले से निबंधित किसानों को इस वर्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की बिक्री के लिए दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है. उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद के 48 घंटे के अंदर ही किसानों के बैंक खाता में राशि का भुगतान कर दिया जायेगा. डीसीओ ने बताया कि निबंधित किसान से सम्पर्क कर उनके गेहूं की खरीदारी करने तथा निबंधित किसानों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये गये है. फिर भी यदि किसी किसान को गेहूं की बिक्री करने में कोई समस्या आ रही हो तो वह सीधे सहकारिता कार्यालय में उनसे संपर्क कर सकते है. समस्या का समाधान कराते हुए उस किसान का गेहूँ की बिक्री सुनिश्चित करायी जायेगी.
निर्धारित तिथि तक लक्ष्य का 99.99 प्रतिशत हुई धान की खरीद
निर्धारित तिथि तक लक्ष्य का 99.99 प्रतिशत हुई धान की खरीद
