दुखद . िजले में तेज बारिश के साथ वज्रपात
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार को वज्रपात गिरने से दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गयी. वहीं बलिया बेलौन में वज्रपात से एक ही व्यक्ति की चार गायों की मौत हो गयी.
आजमनगर : प्रखंड क्षेत्र के जोकर व गोरखपुर पंचायत में शनिवार को वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गयी. जोकर पंचायत निवासी सबिता देवी (35) पति शुकरू शर्मा की मौत जलावन समेटने के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से हो गयी. सविता को झुलसी अवस्था में आजमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी. पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शव भेजने के लिए एंबुलेंस नहीं मिलने पर किराये के वाहन से कटिहार भेजा गया. इस बात से स्थानीय लोगों में आक्रोश था. घटना की सूचना पर सीओ परमजीत सिरमौर अस्पताल पहुंचीं व परिजनों को मुआवजा देने की बात कहीं है.
मृत सविता को छह पुत्रियां सिंपी, खुशबू, प्रीतम, पंचम, कंचन, नंदिनी हैं. वहीं गोरखपुर पंचायत के वार्ड नंबर 12 निवासी मासो खातून (40) पति मो जफर की मौत घर से मैदान में बकरी लेने जाने क्रम में वज्रपात की चपेट में आने से हो गयी. मृत मासो खातून को दो लड़के व तीन लड़कियां हैं.
बलिया बेलौन प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के मधाईपुर पंचायत के बहादलपुर गांव में वज्रपात गिरने से चार दुधारू गायों की मौत हो गयी. पशु पालक मो शफीक आलम ने बताया कि गायें गोहाल में बंधी थीं. रात के दो बजे जोरदार बिजली कड़की. गोहाल में गये, तो चारों गायें मृत मिलीं.
