फलका: थाना क्षेत्र के मघेली पंचायत के धनेठा गांव के सिसवा धार में गुरुवार की रात बोरी में अज्ञात युवती की लाश मिली. बताया जाता है कि मछुवारों ने जब मछली मारने के दौरान जब जाल फेंका, तो बोरी में युवती की लाश दिखायी दी. मृत युवती का पैर बोरी से बाहर था. मछुवारों ने लाश मिलने की सूचना फलका थाने को दी. फलका पुलिस जब शुक्रवार की सुबह मौके पर पहुंची, तो वहां लोगों की भीड़ जुट गयी.
लाश देखने से लग रहा था कि दो-तीन दिन पहले उसकी हत्या की गयी होगा. हत्यारे साक्ष्य छिपाने के लिए लाश को बोरी में बांध कर पत्थर के सहारे पानी में डुबो दिये थे. सहायक अवर निराक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया की प्रथम दृष्टया लग रहा है कि हत्यारे युवती की अन्यत्र जगह हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए लाश को फलका थाना क्षेत्र में फेंक दिये हैं. बहरहाल लाश की शिनाख्त के लिए पुलिस लोगों की मदद ले रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा हो जायेगा.
