गृहरक्षक संघ की मांगों को सरकार ने नकारा
कटिहार : बिहार रक्षा वाहिनी स्वयं सेवक संघ पटना के आह्वान पर गृहरक्षक संघ कटिहार शाखा के होमगार्ड जवान बुधवार से जिला समादेष्टा कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गये हैं. गृहरक्षक संघ अपनी मांगों को लेकर एक माह पूर्व से ही हड़ताल कर रहे थे. इसी बीच बिहार रक्षा वाहिनी स्वयं सेवक संघ पटना के आह्वान पर शाखा कटिहार के सभी गृहरक्षक पटना में जाकर भूख हड़ताल, जेल भरो आंदोलन आदि आंदोलन के जरिये सरकार से अपनी मांग को मनवाने के लिए डटे रहे.
वहीं पांच अप्रैल को राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने संघ के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर आश्वासन दिया था कि आप की मांगे पर ध्यान दिया जायेगा. इसी आश्वासन के चलते सभी गृहरक्षक हड़ताल को तोड़ दिये, लेकिन अगले ही दिन गृहरक्षक संघ के मांगों को सरकार द्वारा नकार दिया गया. जिसके चलते गृहरक्षक संघ मंगलवार से फिर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये हैं.
अनिश्चितकालीन हड़ताल की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय व पटना उच्च न्यायालय के फैसले समान काम का समान सुविधा को लागू करने के लिए यह चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है. मौके पर सचिव हीरा प्रसाद सिंह, उपसचिव दिलीप कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह, सतेंदर यादव, संगठन सचिव विजयलक्ष्मी, हारुन रशीद, वीरेंद्र शर्मा, कार्यालय सचिव प्रकाश नारायण मंडल, डेलीगेट विनोद कुमार सिंह, मो हसन, विनोद कुमार चौधरी, शशि भूषण प्रसाद, उपेंद्र मंडल, जीवन झा आदि उपस्थित थे.
