मनिहारी टीआइ पर केस

बिना प्राथमिकी थाने से शराबी को छोड़ने का मामला मनिहारी : एएसपी सह मनिहारी एसडीपीओ विशाल शर्मा के निर्देश पर मनिहारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार पासवान पर शनिवार को मनिहारी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. मनिहारी थानाध्यक्ष पर एक शराबी पर बगैर प्राथमिकी दर्ज किये थाने से छोड़ने के आरोप पर यह बड़ी कार्रवाई […]

बिना प्राथमिकी थाने से शराबी को छोड़ने का मामला

मनिहारी : एएसपी सह मनिहारी एसडीपीओ विशाल शर्मा के निर्देश पर मनिहारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार पासवान पर शनिवार को मनिहारी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. मनिहारी थानाध्यक्ष पर एक शराबी पर बगैर प्राथमिकी दर्ज किये थाने से छोड़ने के आरोप पर यह बड़ी कार्रवाई हुई है. एएसपी विशाल शर्मा ने अपने कार्यालय में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि 22 फरवरी को थानाध्यक्ष सुनील पासवान पागलबाड़ी निवासी उपेंद्र मंडल पिता स्व बणेश्वर मंडल को शराब के नशे में थाना लाया गया था. थाना स्तर से अनुमंडलीय अस्पताल
मनिहारी मेडिकल जांच के लिए भेजा गया था. चिकित्सक डॉ बी पंडित ने भी मेडिकल जांच में उपेंद्र मंडल के शराब पिये होने की पुष्टि की थी, लेकिन दूसरे दिन थानाध्यक्ष ने उपेंद्र मंडल को छोड़ दिया था. एएसपी श्री शर्मा ने बताया कि डीएस से जांच प्रतिवेदन रिपोर्ट की मांग की गयी, जिसमें 22 फरवरी को उपरोक्त घटना के संबंध में चिकित्सक के द्वारा नशे के हालत में स्पष्ट मंतव्य दिया गया था.
इसके बावजूद थानाध्यक्ष ने आरोपित पर न तो कांड दर्ज किया न ही कोई कार्रवाई की. जो थानाध्यक्ष के कार्यकलाप व आचरण को पूर्ण रूप से संदिग्ध बताता है.
एसपी ने डीआइजी को भेजी निलंबन की अनुशंसा : एएसपी श्री शर्मा ने बताया कि थानाध्यक्ष पुअनि सुनील कुमार पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की अनुशंसा पुलिस अधीक्षक से की गयी थी. पुलिस अधीक्षक ने पुलिस उपमहानिरीक्षक पूर्णिया को निलंबन और विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा कर दी गयी है. पुलिस इंस्पेक्टर अनिल कुमार यादवेंदु को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया.
पुलिस इंस्पेक्टर ने अपने बयान पर दर्ज करायी प्राथमिकी : एएसपी के निर्देश के आधार पर पुलिस इंस्पेक्टर अनिल कुमार यादवेंदु ने मनिहारी थानाध्यक्ष पर प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस एक्ट धारा 78 व बिहार मद्य निषेध और उत्पाद अधिनियम 2016 की धारा 51 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
आरोपित शराबी पर भी प्राथमिकी दर्ज : एएसपी विशाल शर्मा के निर्देश पर पागलबाड़ी निवासी उपेंद्र मंडल पर भी पुलिस इंस्पेक्टर अनिल कुमार यादवेंदु ने मामला दर्ज कराया है. 22 फरवरी को ग्राम पागलबाड़ी से नशे की हालत में पकड़कर लाया गया था. चिकित्सक ने भी नशे में रहने की जांच रिपोर्ट दी, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >