कटिहार : प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेंस वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित न्यू पैटर्न इग्लिश स्कूल के प्रांगण में प्रेस को संबोधित करते हुये एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष समायल अहमद ने कहा कि जिस निजी विद्यालय को मान्यता नहीं मिली है. उसके लिये जिलाध्यक्ष डीइओ के पास जाकर इसकी पहल करें ताकि उनको रजिस्ट्रेशन मिल सके. क्योंकि 25 प्रतिशत गरीब बच्चे को जहां पढ़ाने की बात है. रजिस्ट्रेशन के कारण इन बच्चों को लाभ नहीं मिल रहा है. उन्होंने कहा कि पिछले दिनों सूबे के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने एक कार्यक्रम में डीइओ, डीपीओ को निर्देश जारी किया था कि निजी विद्यालयों को निबंधित किया जाय. वहीं तीन साल पूरा किये स्कूल अनुबंध विस्तार करें. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इसके लिये जिला कार्यकारिणी बनायी गयी है.
जिसका नेतृत्व जिला अध्यक्ष नूर मोहम्मद आजाद कर रहे हैं. इनके नेतृत्व में एसोसिएशन को लाभ मिल रहा है. जिला कार्यकारिणी जो बनी है सभी प्रखंड का दौरा कर यह पता करें कि किन कारणों से प्राइवेट स्कूलों को मान्यता नहीं मिल रही है. उसके बाद डीइओ के समक्ष सभी आवश्यक कागजात लेकर निबंधन के लिए बात करें. बिहार में 10 हजार के लगभग प्राइवेट स्कूल का निबंधन नहीं है, जबकि जिले में 105 स्कूलों का निबंधन नहीं है. इसी माह अभयानंद ओलम्पियाड में प्राइवेट स्कूल के 1000 से ज्यादा बच्चे भाग लेंगे. पिछले वर्ष सूबे के मंत्री ने अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्राइवेट स्कूल के बच्चों को सम्मानित किया था. इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चे को शिक्षा मंत्री सम्मानित करेंगे. उन्होंने कहा कि एसोसिएशन राष्ट्रीय स्तर पर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है. पिछले साल 95 प्राइवेट स्कूल को सम्मानित किया गया था. इस बार 150 प्राइवेट स्कूलों के शिक्षकों को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा मंत्री सम्मानित करेंगे. मौके पर जिलाध्यक्ष नूर मोहम्मद आजाद, जिला उपाध्यक्ष रघुवंश ठाकुर, महासचिव दीपक कुमार, अल्तमश दिवान, पवन भारती, संयुक्त सचिव श्रुतिकांत कश्यप, मनोज चौरसिया, मो रिजवी, रेहान रजा, अजय उपस्थित थे.
