सफाई व्यवस्था में नगर िनगम िफसड्डी
बाटा चौक बीच चौराहे पर ही गंदगी फैला देते हैं दुकानदार
कटिहार : नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में साफ सफाई के अभाव में कूड़े कचरे का अंबार लग गया है. शहर के न्यू मार्केट रोड में निगम प्रशासन की ओर से प्रत्येक दिन सफाई कर्मी सफाई करते हैं. लेकिन कूड़ा कचरा साफ होने का नाम नहीं लेता है. नतीजतन सफाई के बाद भी उक्त इलाके में कूड़ा कचरा का अंबार लगा रहा है. वहीं बाटा चौक पर सारे दुकानदारों द्वारा जमा कचरा बीच चौराहे पर ही गिरा दिया जाता है. उक्त जगह पर साफ सफाई होती है लेकिन कचरा जस का तस पड़ा रहता है. इन इलाकों में कूड़े कचरे का अंबार लग गया है.
वार्ड में भी सफाई की व्यवस्था अच्छी नहीं है : नगर निगम के वार्ड संख्या 36 मोफरगंज धुनिया टोला में कूड़ा कचरा का अंबार लगा हुआ है. लेकिन सफाई कर्मी सफाई करने में रुचि नहीं दिखाते हैं. इसके कारण इस इलाके के लोग कूड़े कचरे के बीच रहने को विवश हैं. इस जगह पर शायद ही साफ सफाई निगम प्रशासन की ओर से करायी जाती है. वहीं वार्ड के रौशन मास्टर के घर के समीप पूरे मोहल्ले का कूड़ा फेंका जाता है. यही हाल श्रम कल्याण केंद्र के पूर्वी कोने पर रखा कूड़ेदान का भी है. वार्ड संख्या 39 के गौशाला चौक पर मंदिर के बगल में कूड़ा कचरा का अंबार लगा रहता है. वहीं हवाई अड्डा चौके के कोल्ड स्टोर के बगल से जाने वाले सड़क में भी कूड़ा कचरा का अंबार लगा हुआ है.
अब तक कूड़ा प्रबंधन का इंतजाम नहीं हो पाया है निगम के पास : नगर निगम प्रशासन की ओर से शहरवासियों को कूड़ा कचरे से निजात दिलाने के लिए अब तक कोई ठोस प्रबंधन नहीं किया गया है. जिसके कारण नगर वासी कूड़ा कचरा से निजात नहीं पा रहे हैं. हालांकि इस संबंध में पिछले दिनों मेयर विजय सिंह ने बताया था कि डंडखोरा में नगर निगम द्वारा जमीन की खरीदारी की गयी है. उक्त जगह पर पूरे शहर का कचरा डाला जायेगा. लेकिन अब तक उक्त जगह पर कचरा नहीं डाला जा रहा है.
चल रही जमीन अिधग्रहण की बात
हर दिन शहर में सफाई अभियान चलाया जाता है. कचरा से पूरी तरह से निबटने के लिए जमीन अधिग्रहण की बात चल रही है. अधिग्रहण होने के बाद शहर का सारा कचरा उक्त स्थल पर ही गिराया जायेगा, जिससे सारे शहरवासी को कूड़े कचरे से निजात मिल सकेगी.
अजय कुमार ठाकुर, नगर आयुक्त
