नये साल से उम्मीद . वर्ष 2017 में पूरे होंगे अधूरे पड़े काम
कटिहार : जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में नव वर्ष 2017 के आगमन को लेकर चहल पहल शुरू हो गयी है. रविवार को पहली जनवरी के रूप में नये साल का आगमन होगा. ऐसे में वर्ष 2016 की खट्टे-मीठे अनुभवों के साथ लोगों ने शनिवार को विदाई दी. कमियों और उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए लोग नव वर्ष 2017 में बड़े बदलाव की उम्मीद पाले हुए हैं. लोगों को उम्मीद है कि सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक स्तर पर कटिहार आने वाले वर्ष में बदलाव का प्रतीक बनेगा.
यूं तो कई बड़े काम इसी वर्ष पूरा होना था. लेकिन लोगों को अब उम्मीद है कि ऐसे काम नये वर्ष में जरूर पूरा हो जायेगा. सार्वजनिक कामों के अलावा लोग व्यक्तिगत कामों को भी नये वर्ष में पूरा होने की उम्मीद पाले हुए हैं. लोग नये वर्ष को लेकर सपने भी देख रहे हैं. अपने-अपने हिसाब से लोग नये वर्ष के आगमन को लेकर उम्मीद लगाये बैठे हैं. कटिहार जिले में कई ऐसी बड़ी परियोजना है, जो नये वर्ष में पूरा होगी. कुछ ऐसी परियोजना भी है जिसका आगाज इसी नये वर्ष में होगा. ऐसी परियोजना के पूरी होने व आगाज के बाद कटिहार कई मामलों में दूसरे अन्य जिलों की तुलना में विकसित बनेगा.
मनिहारी से साहेबगंज के बीच इसी तरह हो रहा आवागमन.
वर्ष 2017 में िजले में बड़े बदलाव की उम्मीद पाले हैं िजलावासी
िजले के पर्यटन स्थलों को भी और बेहतर बनाने की होगी पहल
पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होंगे ये स्थान : राज्य सरकार ने कटिहार जिले में कई स्थानों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनायी है. इसके लिए समय-समय पर जिला प्रशासन को सरकार की ओर से दिशा निर्देश भी दिया जाता रहा है. मिनी पंजाब के रूप में बरारी प्रखंड के लक्ष्मीपुर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल हो चुकी है.
इसके पहले सेवा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने आजमनगर के गोरखनाथ धाम मंदिर को भी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया था. मनिहारी अनुमंडल अंतर्गत गोगाबील झील राज्य के चर्चित झीलों में से एक है. इस झील को भी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास शुरू किया गया था. ऐसे में अब िजलावासियों को उम्मीद है कि नये वर्ष में ऐसे स्थानों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा.
मनिहारी-साहेबगंज के बीच गंगा पर पुल निर्माण की होगी शुरुआत
बहुप्रतीक्षित मनिहारी-साहेबगंज के बीच गंगा नदी पर बनने वाले पुल सह फोर लेन सड़क की आधारशिला नये वर्ष में रखी जायेगी. हालांकि लोगों को उम्मीद थी कि वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास करेंगे. रविवार से नये वर्ष का आगमन होगा. ऐसे में कटिहार सहित सीमांचल के लोगों को यह उम्मीद है कि नव वर्ष में मनिहारी-साहेबगंज के बीच पुल सह सड़क निर्माण का शुरुआत कर केंद्र सरकार नये वर्ष का तोहफा देगी. फोर लेन सड़क के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. यह परियोजना के पूरा होने से कटिहार सहित सीमांचल व पूर्वोत्तर भारत का सीधा संपर्क झारखंड से हो जायेगा.
