रिश्ते का खून . तालाब में शव देख ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृत विवाहिता के मायके वालों ने उसके पति समेत चार लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही थी.
कटिहार : डंडखोरा थाना क्षेत्र के महेशपुर पंचायत के पटहरा गांव में एक विवाहिता को जला कर उसकी निर्ममतापूर्वक हत्या करने का मामला बुधवार को प्रकाश में आया. आरोपितों ने विवाहिता के शव को जलाकर उसे तालाब में बहाने का प्रयास भी किया. स्थानीय लोगों की सूचना पर डंडखोरा पुलिस घटना स्थल पर पहुंची व शव को कब्जे में ले लिया. घटना की जानकारी मिलते ही मृत विवाहिता के परिजन स्थानीय थाना पहुंचे. परिजनों ने डंडखोरा थाने में हत्या को लेकर प्राथमिकी दर्ज करायी.
इसमें उसके पति सहित चार लोगों को नामजद किया गया है. डंडखोरा थाना क्षेत्र के महेशपुर पंचायत पटहरा गांव में खुशबू देवी (22) पति प्रमोद साह का शव महेशपुर के एक तलाब में स्थानीय लोगों ने देखा. घटना की जानकारी लोगों ने डंडखोरा थाना पुलिस को दी. सूचना के बाद डंडखोरा थानाध्यक्ष सदाबुल हक पुलिस दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे व शव को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने मामले की जानकारी मृतका के मायके वालों को दी. घटना की जानकारी मिलते ही मृत खुशबू के परिजन मौके पर पहुंचे.
सभी आरोपित फरार : खुशबू की हत्या की जानकारी मिलते ही परिजन घटना स्थल पर पहुंचे. खुशबू के शव को देखकर उन लोगों की चीत्कार शुरू हो गयी. मां व अन्य परिजन रो-रो कर बेहाल थे. घटना के बाबत मायके वालों ने डंडखोरा थाने में दहेज उत्पीड़न को लेकर हत्या का मामला दर्ज कराया है.
कहते हैं थानाध्यक्ष : थानाध्यक्ष ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला जलाकर उसके शव को ठिकाने लगाने का प्रतीत हो रहा है. फिलहाल परिजनों के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या की सही वजह स्पष्ट हो पायेगी. पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
मामला महेशपुर पंचायत के पटहरा गांव का
पति समेत चार लोगों पर नामजद दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
